
Palamu : पलामू जिला अंतर्गत पांकी से सटे लातेहार का हेरहंज इलाका काफी बदल चुका है. यहां कभी नक्सलियों की तूंती बोला करती थी. लोग डर से उस इलाके में दिन में जाना नहीं पसंद करते थे, लेकिन समय के साथ नक्सलवाद पर लगाम लगा और इस इलाके की पहचान बदली. हेरहंज प्रखंड के सेरेंगदाग को मेधावी आदर्श राज ने अब नयी पहचान दी है. सेरंगदाग निवासी दिलीप कुमार गुप्ता के पुत्र आदर्श राज ने जेइइ मेंस की परीक्षा में 99.97 प्रतिशत अंक लाकर झारखंड का थर्ड टॉपर बना है.
आदर्श की इस अप्रत्याशित सफलता से सेरेंगदाग में खुशी की लहर है. इस खुशी में गांव में मिठाइयां भी बांटी गयी. आदर्श की इस सफलता पर कई गणमान्य लोगों ने बधाई दी है और इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. आदर्श के पिता दिलीप कुमार गुप्ता बालूमाथ में ब्रांच पोस्टमॉस्टर है, जबकि उनकी माता पूनम प्रभात गृहिणी हैं.
11वीं से ही इंजीनयरिंग की तैयारी प्रारंभ कर दी थी
आदर्श राज ने बताया कि जेइइ एग्जाम के एक से पंद्रह दिन पूर्व से रोजाना दो मॉक टेस्ट देता था. सेल्फ स्टडी के साथ स्कूल कोचिंग में रेगुलर क्लासेज पर फोकस रहा. 11वीं से ही इंजीनयरिंग की तैयारी प्रारंभ कर दी गयी थी. जेइइ मेंस के रिजल्ट से मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ा है. बोर्ड की परीक्षा के उपरांत प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी प्रारंभ कर दी थी. इसमें स्कूल और कोचिंग के शिक्षकों की काफी मदद मिली. सिलेबस को समय से पहले समाप्त किया, ताकि प्रैक्टिस पेपर हल करने औऱ खुद की गलतियों को समझने का मौका मिले. कम्प्यूटर के विषय में शुरू से ही रुचि रही है. भविष्य में पढ़ाई कर कम्प्यूटर इंजीनयर बनने का सपना है.
बधाई देने वालों में अखिल भारतीय रौनियार वैश्य महासभा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष श्रवण प्रसाद गुप्ता, रौनियार वैश्य महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवकांत गुप्ता, प्रमोद कुमार गुप्ता, भाजपा नेता अरविंद कुमार गुप्ता,पांकी प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष शंकर प्रसाद गुप्ता, प्रमोद प्रसाद,नंदू गुप्ता,राज कुमार गुप्ता (मुन्ना), राजकुमार प्रसाद, संजय कुमार सहित अन्य शामिल हैं.




