
NewDelhi : भारत अगले वर्ष यानी 2019 तक अर्थव्यवस्था के मामले में ब्रिटेन को पीछे छोड़ कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेगा. साथ ही 2040 तक विश्व की तीन विशाल अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो जायेगा. यह बात वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को कही. इस क्रम में कहा कि हालांकि भारत की प्रति व्यक्ति आय कम बनी रहेगी लेकिन अर्थव्यवस्था का आकार विशाल रहेगा जो तेज गति से आगे बढ़ रही है. जेटली भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग की नयी इमारत के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे. जेटली के अनुसार आकार के आधार पर हमने फ्रांस को पीछे छोड़ा. अगले साल हम ब्रिटेन को पछाड़ देंगे. यानी हम पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेंगे.
इसे भी पढ़ें- भाजपा के पूर्व सांसद अजय मारू ने फर्जी तरीके से खरीदी जमीन : विधानसभा उपसमिति
अन्य अर्थव्यवस्थाएं भारत के मुकाबले धीमी गति से बढ़ रही है
जेटली ने कहा कि विश्व में अन्य अर्थव्यवस्थाएं भारत के मुकाबले बहुत धीमी गति से बढ़ रही हैं. कहा कि अगर हम औसतन सात-आठ प्रतिशत की दर से बढ़ते हैं, तो इन अर्थव्यवस्थाओं को पछाड़ने में ज्यादा समय नहीं लगेगा, जो वर्तमान में एक से डेढ़ फीसदी की दर से बढ़ रही हैं. जेटली ने कहा कि अगर साल 2030 या 2040 पर नजर डालते हैं, तो हम निस्संदेह विश्व में आकार के मामले में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेंगे. भारत इतना क्षमतावान है कि वह अगले 10 से 20 वर्षों में दुनिया की तीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शुमार हो जायेगा.
उदाहरण दिया कि देश के उत्तरी, दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में अधिक विकास हुआ है. पूर्वी हिस्से को और तेजी से बढ़ना होगा. यह एक क्षेत्र है, जिसमें हम वृद्धि देख रहे हैं. मंत्री ने कहा कि बाजार और आर्थिक गतिविधियों में विस्तार से भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग की भूमिका का भी विस्तार होगा.
जेटली ने कहा कि हमारी आबादी अधिक है, हमारा उपभोक्ता आधार विशाल है, अर्थव्यवस्था का आकार और इसकी क्षमता भी विशाल होने जा रही है और इसलिए बाजार भी बहुत विशाल होने जा रहे हैं. और अगर बाजार विशाल है, तो हम निश्चित रूप से असाधारण होंगे. कहा कि अगले 10 से 20 वर्षो में हमारी भूमिका बड़ी होगी.
इसे भी पढ़ेंः लालू यादव ने किया सरेंडर- पहले होटवार जेल, फिर भेजे जाएंगे रिम्स
इसे भी पढ़ें- सीवरेज-ड्रेनेज परियोजना पर सांसद महेश पोद्दार ने उठाया सवाल, की जांच की मांग




