
ISLAMABAD: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने बुधवार को दावा किया कि भारत के दो मिग लड़ाकू विमानों ने नियंत्रण रेखा पार की और उन्हें मार गिराया गया. इसके साथ ही उन्होंने परमाणु हथियारों से संपन्न दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझाने की पेशकश की. खान ने टेलीविजन पर संबोधन में कहा, ‘‘हमारी कार्रवाई सिर्फ यह संदेश देने के लिए थी कि यदि आप हमारे देश में आ सकते हो तो हम भी ऐसा कर सकते हैं. उनके दो मिग विमान मार गिराए गये.’’
एक भारतीय पायलट लापता हो गया है
उनकी टिप्पणी नयी दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्रालय के यह कहे जाने के बाद आयी कि आतंकवादियों के खिलाफ भारत की कार्रवाई के जवाब में पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के लिए आज अपनी वायुसेना का इस्तेमाल किया, लेकिन उसके प्रयासों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया गया. कार्रवाई में हालांकि एक भारतीय पायलट लापता हो गया है.
युद्धों में सारे आकलन धरे रह जाते हैंः इमरान
यह उल्लेख करते हुए कि सभी युद्धों में सारे आकलन धरे रह जाते हैं और कोई नहीं जानता कि युद्ध का अंजाम क्या होगा. उन्होंने कहा कि इसलिए सद्बुद्धि बनी रहनी चाहिये और दोनों पक्षों को सूझबूझ से काम लेना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘‘मैं भारत से पूछता हूं: आपके पास जो हथियार हैं और हमारे पास जो हथियार हैं, क्या हम कोई जोखिम उठा सकते हैं? यदि यह स्थिति बिगड़ती है तो यह न तो मेरे नियंत्रण में होगी और न ही (प्रधानमंत्री) नरेंद्र मोदी के नियंत्रण में.’’
इसे भी पढ़ेंः भारत ने पाकिस्तान के उप-उच्चायुक्त को तलब कर जताया कड़ा विरोध, पायलट के बारे में जानकारी साझा करने को कहा




