
Ranchi : रांची नगर निगम परिषद की वर्चुअल बैठक गुरुवार को मेयर डॉ आशा लकड़ा की अध्यक्षता में हुई. इस बैठक को डिप्टी मेयर से लेकर कई पार्षदों ने अनुचित ठहराया. डिप्टी मेयर ने कहा कि बैठक में जुड़ने के लिए वह काफी प्रयास करते रहे लेकिन वीडियो में ब्लॉक करने के साथ उन्हें म्यूट कर दिया गया.
साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह की बैठक का कोई औचित्य ही नहीं है. वहीं कई पार्षद भी उनके समर्थन में उतर आये हैं. पार्षदों ने कहा कि इस बैठक में कुछ पता ही नहीं चल पाया कि किसने क्या कहा.

आधे घंटे की बैठक में आवाज कटने लगी. इसके बाद बैठक को स्थगित करा दिया गया. साथ ही मेयर ने नगर आयुक्त को फिजिकल बैठक बुलाने को लेकर डीसी से निर्देश लेकर सूचित करने को कहा. जिससे शहर की साफ-सफाई और अन्य मुद्दों पर चर्चा की जा सके.
इसे भी पढ़ें :12 लाख स्टूडेंट्स को दो दिनों के अंतर पर देना होगा जेईई मेन की दो परीक्षा
क्या कहा पार्षदों ने
पार्षद ओमप्रकाश ने कहा कि वर्चुअल मीटिंग का कोई औचित्य नहीं है. सरकार या प्रशासनिक अधिकारियों से नगर आयुक्त महोदय आग्रह कर फिजिकल बोर्ड मीटिंग कराने की व्यवस्था करें.
पार्षद एहतेशाम ने कहा कि वर्चुअल मीटिंग में किसने क्या बोला, कौन क्या समझा पता ही नहीं चला. कई बार अध्यक्ष से बात करने की कोशिश की लेकिन कुछ पता ही नहीं चला. आधे घंटे की मीटिंग में 4 से 5 बार तो कनेक्ट होना पड़ा.
पार्षद नाजिमा रजा ने कहा कि मैंने तो पहले ही मीटिंग आगे बढ़ाने की मांग की थी. साथ ही कहा था कि 25 फीसदी पार्षदों के साथ भी बैठक करायी जा सकती है. लेकिन इस पर किसी ने ध्यान नहीं दिया.
इसे भी पढ़ें :सीएम हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप के बाद दिल्ली में ‘बंधक’ झारखंड के 26 बच्चों को मिली आजादी
सैनिटाइजेशन और फॉगिंग पर ध्यान दें
वर्चुअल मोड में मेयर ने कहा कि सैनिटाइजेशन व फॉगिंग पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. उन्होंने बारिश के दौरान विभिन्न वार्डों में हो रहे जलजमाव की समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया.
इसके अलावा परिषद् की बैठक में 19 अप्रैल 2021 की स्थाई समिति की बैठक में लिये गये निर्णय के तहत दो एम्बुलेंस, दो शव वाहन व एक हजार ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीदारी का मामला पार्षदों ने उठाया.
इसे भी पढ़ें :जॉन बारला को केंद्रीय मंत्री बनाना बंगाल के विभाजन को भाजपा का समर्थन : टीएमसी
इस सवाल पर नगर आयुक्त ने कहा कि एक हज़ार ऑक्सीजन सिलेंडर रखने के लिए रांची नगर निगम के पास पर्याप्त जगह नहीं है.
नगर आयुक्त के इस जवाब पर मेयर ने पत्राचार कर कहा कि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को देखते हुए जल्द से जल्द एम्बुलेंस, शव वाहन व ऑक्सीजन सिलेंडर की खरीदारी से संबंधित प्रक्रिया पूरी करें. जिसके लिए जगह उपलब्ध करा दी जायेगी. मेयर ने बताया कि साफ-सफाई व स्वच्छता के मुद्दे पर बैठक पूरी नहीं हो सकी.
इसे भी पढ़ें :गंडक ने बढ़ायी लोगों की परेशानी, नहीं मिल रहा खाना और पीने का पानी




