
JAMSHEDPUR : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भालूबासा लाईन नंबर 5 में जमीन विवाद को लेकर दो भाई आपस में भिड़ गए. मामला इस कदर बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया. इस घटना में 52 वर्षीय सूरज बली सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन-फानन में सूरज को परिजन इलाज के लिए तत्काल टीएमएच लेकर पहुंचे जहां जांच के बाद डॉक्टर ने सूरज को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पाकर सीतारामडेरा थाना प्रभारी अखिलेश्वर मंडल मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए. घटना के संबंध में मृतक की बेटी रिया ने बताया कि उनके पिता चार भाइयों में सबसे बड़े है. इनसे नीचे चंद्रबली सिंह, विरेंद्र सिंह और अरविंद सिंह है. साल 2018 में तीन भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति का बंटवारा हुआ था जिसमें चंद्रबली को बेदखल कर दिया गया था. वह लाइन नंबर पांच में ही एक और घर जो पिता सूरजबली के नाम पर है उसपर कब्जा जमाकर रह रहे है.

आज पिता को जानकारी हुई कि उस धर में बदलाव किया जा रहा है जिसकी सूचना पर वे भाई से बात करने गए थे. इसी बीच पूर्व से ही पूरी तैयारी के साथ बैठे भाई चंद्रबली सिंह, उनकी पत्नी शांति सिंह, बेटी सुरूची सिंह और बेटा प्रत्युष सिंह ने ईट-पत्थर और रॉड से हमला कर दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. रिया ने बताया कि इसके पूर्व भी कई बार विवाद हो चुका है. चंद्रबली की पत्नी शांति देवी हर बार कहती थी कि वह जान से मार देगी जिसे आज पूरा कर दिया. इधर, पुलिस ने चारो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.
ये भी पढ़ें : JAMSHEDPUR : स्टोव फटने से गोलपहाड़ी की महिला झुलसी, बचाने में देवर भी घायल




