
Dumka : झारखंड के दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र की बड़तल्ली पंचायत के एक गांव में विवाहित महिला और उसके प्रेमी को गांव वालों ने निर्वस्त्र कर घुमाया. जानकारी के अनुसार दोनों दैनिक मजदूरी करते हैं. प्रेमी महिला के पास के ही गांव का है. प्रेमी महिला से मिलने आया था जिसके बाद गांव वालों ने पकड़ कर बंधक बना लिया और निर्वस्त्र कर उन्हें पूरे गांव में घुमाया. घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली पूरा महकमा हिल गया.
इसे भी पढ़ें : रांची के खलारी में अवैध संबंध में गई तीन लोगों की जान, एक बच्ची घायल
क्या है पूरा मामला
दरअसल, मुफस्सिल थाना इलाके में एक विवाहिता है जिसका पति लगभग एक साल से केंद्रीय कारा में बंद हैं. वह शहर में मजदूरी करती है और किसी तरह अपनी जिंदगी चलाती है. शहर में रहने के दौरान उसे वहीं काम करने वाले एक व्यक्ति से प्रेम हो गया. उस युवक का गांव उसके गांव के पास ही है. महिला जब अपने घर लौटी तो उसनें युवक को मिलने के लिए बुलाया. युवक जब उसके घर पहुंचा तो गांव वालों की नजर उसपर पड़ गई. इसके बाद गांव वालों ने दोनों को पकड़ लिया और निर्वस्त्र कर दिया. यही नहीं ग्रामीणों ने इस प्रेमी युगल को नग्न कर गांव में एक किलोमीटर तक घुमाया.
इस घटना की जानकारी जब पुलिस को हुई तो वह हरकत में आई. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.




