
Begusarai : जिले के जेल में सूखी और जली रोटी लेकर कैदी कोर्ट पहुंच गया और जज को जेल की सच्चाई दिखा दी. फिर क्या था, बंदी के हाथ की जली रोटी देखकर पुलिसवाले और अधिकारी सब दंग रह गए. मंडल कारा प्रशासन पर गंभीर आरोप लगे हैं. बीरपुर थाना क्षेत्र के एक कैदी राम जपो यादव ने कारा प्रशासन की पोल खोलते हुए कई आरोप लगाए हैं. उक्त विचाराधीन बंदी ने खाने में गड़बड़ी सहित पैसे की वसूली का भी आरोप न्यायालय में लगाया है. मामला सामने आने के बाद न्यायालय ने इस पूरी घटना के जांच के आदेश भी दिए हैं. इस मामले को लेकर बेगूसराय न्यायालय में खलबली मच गई जब, विचाराधीन बंदी रामजपो यादव मंडल कारा से सूखी रोटी लेकर न्यायालय पहुंच गया और न्यायाधीश के समक्ष रोटी को दिखाते हुए गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए. रामजपो यादव ने बताया कि मंडल कारा बेगूसराय में बंद कैदियों को जानवरों से भी बदतर खाना खिलाया जाता है और शिकायत करने पर गाली गलौज की जाती है.
बंदी ने बताया कि जब बंदी के परिजन कुछ सामान और फल लेकर मंडल कारा पहुंचते हैं तो इसके बदले कारा प्रशासन के द्वारा राशि वसूली जाती है, तब जाकर बंदी के परिजनों द्वारा दिया गया सामान बंदी तक पहुंच पाता है. उक्त बंदी की शिकायत के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव और न्यायाधीश सतीश कुमार झा ने अविलंब मामले की जांच के आदेश दिए हैं एवं दोषी लोगों पर कार्रवाई की बात कही है.
इसे भी पढ़ें : वैशाली पुलिस ने 45 बोरा भांग किया जब्त, तीन गिरफ्तार




