
Palamu : शहीदों की याद में आयोजित अंतरराज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन मंगलवार की शाम हो गया. जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के पुलिस लाइन स्टेडियम में सेल एकेडमी बोकारो बनाम कोल्हान टाइगर जमशेदपुर के बीच फाइनल मैच का रोमांचक मुकाबला खेला गया. बोकारो की टीम ने कोल्हान टाइगर को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट का चैंपियन बना.
खेल की शुरूआत से ही दोनों ही टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई. मैच के आखिरी समय तक रोमांच बरकरार रहा. हालांकि हाफ टाइम के पहले सेल बोकारो की टीम से जर्सी नंबर 7 आमुजावो ने 43वें मिनट में गोल दागकर मैच में बढ़त बना ली थी. मैच की समाप्ति तक कोल्हान टाइगर वापसी नहीं कर पाया और टूर्नामेंट का उपविजेता बना.
इसे भी पढ़ें :NDA, NA 2 Result 2021 का रिजल्ट जारी, निभा भारती ने किया टॉप, देखें Topper List
मैच समाप्ति पर विनर टीम को चमचमाती ट्रॉफी के साथ एक लाख नगद पुरस्कार दिया गया. वहीं रनर को ट्रॉफी के साथ 61 हजार रुपए प्रदान किए गए. मैन ऑफ द मैच आमुजावो, जबकि मैन ऑफ द सीरीज पी मंगल सना को मिला.
आयोजन समिति के अध्यक्ष सह पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा के साथ डीआईजी राजकुमार लाकड़ा, एसडीपीओ सुरजीत कुमार, समाजसेवी राम नरेश सोनी आदि ने संयुक्त रूप से विजेता, उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया. टूर्नामेंट का संचालन और कमेंट्री संयुक्त रुप से रवि शंकर व शालिनी श्रीवास्तव ने किया.
इसे भी पढ़ें :कोरोना त्रासदी में भी देवघर, पलामू सहित 5 जिलों में DMFT का एक पाई भी खर्च नहीं कर सकी राज्य सरकार
प्रदर्शनी मैच में 4-3 से कोलकाता विजयी
फाइनल मुकाबला के पहले महिला फुटबॉल प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया गया. फुटबॉल नर्सरी वाराणसी बनाम शिवानी वेलफेयर सोसायटी कोलकाता की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला पलामू के खेल प्रेमियों को देखने को मिला. हालांकि निर्धारित 40 मिनट की अवधि तक दोनों ही टीमें एक भी गोल नहीं दाग सकी. बाद में पेनाल्टी शूट के दौरान कोलकाता की टीम ने 4-3 से वाराणसी की टीम को शिकस्त देकर मैच को अपने नाम कर लिया.
मैच की समाप्ति पर डीआईजी राजकुमार लकड़ा और पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत करने के साथ सभी महिला खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया.
इसे भी पढ़ें:झारखंड में मॉब लिंचिंग पर सश्रम आजीवन कारावास और 25 लाख तक का दंड, विधानसभा ने बनाया कानून
पत्रकार एसएस रूबी स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन पलामू एवं पलामू के खेल प्रेमियों की ओर से पत्रकार स्व. सुरेंद्र सिंह रूबी जी की स्मृति में पलामू पुलिस और पलामू फुटबॉल आयोजन समिति को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया.
एसोसिएशन के अवधेश शुक्ला, अश्वनी घई, विनोद सिंह, रामाकांत प्रसाद, शिवेंद्र एवं खेलप्रेमी नवीन सहाय ने आयोजन समिति को स्मृति चिन्ह भेंट किया.
आयोजन समिति के चेयरमैन एसपी पलामू चंदन कुमार सिन्हा एवं सचिव मनोहर कुमार लाली सहित कोषाध्यक्ष आलोक वर्मा नरेंद्र सिंह सोहेल खान शिव कुमार मिश्रा एवं अन्य पदाधिकारियों ने स्मृति चिन्ह ग्रहण किया.




