
Ranchi: स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से मगंलवार को नर्सिंग स्टुडेंट्स का प्रतिनिधिमंडल मिला. स्टुडेंट्स ने कहा कि एएनएम और जीएनएम कोर्स की परीक्षा में देर हो रही है. हजारों की संख्या में स्टूडेंट्स परीक्षा ना हो पाने के कारण प्रभावित हो रहे है. परीक्षा का फॉर्म भर दिया है और एडमिट कार्ड भी मिल गया है. लेकिन परीक्षा की तिथि भी निर्धारित होने के बावजूद रातों-रात परीक्षा स्थगित कर दी गई. 8 माह बीत जाने के बाद भी स्थिति यथावत है. सबसे ज्यादा परेशानी फाइनल ईयर के स्टूडेंट्स के साथ है. उनका 3 वर्ष का कोर्स 4 वर्ष में भी पूरा नहीं हो पाया है.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जल्द ही अधिकारियों से इस मामले में बात कर निर्देश दिया जाएगा. बताते चलें कि सोमवार को झारखंड नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल में परीक्षा नहीं लिए जाने के विरोध में स्टूडेंट्स ने तालाबंदी कर दी थी. इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने स्टूडेंट्स को वार्ता के लिए बुलाया था.
इसे भी पढ़ें:पंचायत चुनाव रद करने की मांग: टाना भगतों ने घेरा लातेहार डीसी कार्यालय, अफसरों को ऑफिस से बाहर निकाल कर जड़ा ताला
लोन लेकर कर रहे पढ़ाई
एएनएम और जीएनएम कोर्स में लोन लेकर पढ़ने वाले स्टूडेंट्स की स्थिति और भी खराब है. प्रतिनिधि मंडल ने विस्तार से स्वास्थ्य मंत्री को इन मामलों से अवगत कराया.
यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष कुमार रोशन ने कहा यदि जल्द ही इस मुद्दे पर स्टूडेंट्स को राहत नहीं दी गई और जल्द से जल्द परीक्षा नहीं ली गई तो युवा कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन को बाध्य होगी.




