
Ranchi: झारखंड राज्य आवास बोर्ड ने हजारीबाग डिवीजन में इच्छुक लोगों के लिए मकान, दुकान, फ्लैट के अलावा भूखंड आवंटन के लिए पहल शुरू की है. बोर्ड सचिव के स्तर से इस संबंध में सूचना जारी करते कहा है कि हजारीबाग डिवीजन (हजारीबाग, डाल्टनगंज) में As is Where is (जैसा है जहां है) के आधार पर मकान, भूखंड, फ्लैट का आवंटन लीज के आधार पर किया जाना है. ई-लॉटरी के माध्यम से भाड़ा सह क्रय के आधार पर 90 वर्षों के पट्टे पर योग्य लोगों को आवंटन होगा. इच्छुक लोग निर्धारित आवेदन शुल्क (अल्प आय वर्गीय के लिए 2000 रुपए, मध्यम आय वर्गीय एमआइजी के लिए 3000 और उच्च आय वर्गीय एचआइजी के लिए 3000 तथा आर्थिक दृष्टि से कमजोर आय वर्गीय इडब्लूएस के लिए 1000रुपये) 16 मई से 16 जून तक विभागीय वेबसाइट www.jshb.jharkhand.gov.in के जरिये जमा कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन भी इसी वेबसाइट के जरिये जमा कर सकते हैं.
कहां कितनी इकाई है उपलब्ध
आवास बोर्ड के मुताबिक, हजारीबाग में मध्यम आय वर्गीय फ्लैट (नव निर्मित) के लिए 808 वर्गफीट की 22 इकाई उपलब्ध है. इसकी कीमत 2731630 रुपए तय की गयी है. इसी तरह 1240 वर्गफीट की 30 इकाई उपलब्ध है जिसकी कीमत 3239919 रुपए (प्रति यूनिट) तय की गई है. मध्यम आय वर्गीय फ्लैट (नव निर्मित) के तहत 800 वर्गफीट की 66 इकाई उपलब्ध है जिसकी कीमत 2612519 रुपए (प्रति यूनिट म) है तथा कमजोर आय वर्गीय फ्लैट (नव निर्मित) के तहत 364 वर्गफीट की 103 यूनिट उपलब्ध है. इसके लिए 924565 रुपए (प्रति यूनिट) तय की गयी है.
डाल्टनगंज जिले में 606 वर्गफीट के एमआइजी मकान उपलब्ध हैं. 16 यूनिट के लिए 3393150 रुपए (प्रति यूनिट) तय हैं. 606 वर्गफीट की 10 यूनिट के लिए 3515550 रुपए तय हैं. अल्प आय वर्गीय के लिए 40 यूनिट (330 वर्गफीट) उपलब्ध हैं जिनकी कीमत 2012832 रुपए निर्धारित है. मध्यम आय वर्गीय भूखंड (24 यूनिट, 1800 वर्ग फीट) भी उपलब्ध हैं जिनकी कीमत 2088000 रुपए निर्धारित है. उच्च आय वर्गीय भूखंड (25 यूनिट, 2100 वर्ग फीट) के लिए 2436000 रुपए तय है.
आवेदन करते समय आय प्रमाण पत्र, रिटायर्मेंट संबंधी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, शपथ पत्र, पहचान पत्र, घोषणा पत्र सहित अन्य दस्तावेज भी देने होंगे.




