JharkhandKodermaLead News

कोडरमा स्टेशन पर कोच अटेंडेंट की गुंडागर्दी, दो यात्रियों को लात-घूंसे और बेल्ट से पीटा, पांच गिरफ्तार

Koderma: इंदौर से हावड़ा जाने वाली शिप्रा एक्सप्रेस के कोच अटेंडेंट की शनिवार रात गुंडागर्दी देखने को मिली. हांलाकि घटना के बाद पांच अटेंडेंट को गिरफ्तार भी कर लिया गया. कोडरमा स्टेशन पर 6 से 7 की संख्या में कोच अटेंडेंस ने गया से ट्रेन में सवार हुए दो यात्रियों के साथ जमकर मारपीट की. गया से पंकज कुमार और सुमन कुमार जनरल टिकट लेकर ट्रेन में सवार हुए और टीटीई से एसी कोच में सीट कंफर्म करने का आग्रह किया. जब ट्रेन में टीटीई ने सीट नहीं होने की बात कही तो एसी बोगी के कोच अटेंडेंट इन दोनों यात्रियों के पास आए और उन्हें कंफर्म सीट देने की बात कहते हुए सामान रखने वाली सीट पर दोनों यात्रियों को बैठा दिया. थोड़ी देर बाद इन दोनों यात्रियों से प्रत्येक सीट के लिए 3- 3 हजार रुपये की मांग करने लगे.

वहीं टीटीई ने इन दोनों यात्रियों को कोडरमा स्टेशन पर उतरकर साधारण डिब्बे में सफर करने की सलाह दी. शिप्रा एक्सप्रेस जैसे ही कोडरमा स्टेशन पहुंची. दोनों यात्रियों के ट्रेन से उतरते ही 6-7 कोच अटेंडेंट ने दौड़ा-दौड़ा कर दोनों यात्रियों को पीटा. बेल्ट और लात-घुसों से इन दोनों यात्रियों की पिटाई करने लगे. इस दौरान अन्य रेल यात्रियों में अफरा तफरी मच गयी. वहीं, ट्रेन के खुलने के बाद कोच अटेंडेंस ने दोनों यात्रियों को कभी भी शिप्रा एक्सप्रेस में सफर नहीं करने की धमकी भी दी.

कोडरमा स्टेशन से शिप्रा एक्सप्रेस के रवाना होने के बाद दोनों यात्रियों ने कोडरमा जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई. इधर मारपीट की तस्वीर और वीडियो स्टेशन के प्लेटफार्म पर बैठे एक यात्री ने रिकॉर्ड कर लिया. इसके आधार पर जीआरपी ने त्वरित कार्यवायी करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो जंक्शन पर ट्रेन के पहुंचने के बाद पांच कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार कर धनबाद जेल भेज दिया है. गिरफ्तार किए गए अटेंडेंस में नीरज रजक, यशवंत नेहरा, अभिषेक विश्वकर्मा, गजेंद्र सिंह और हरिशंकर दूबे शामिल हैं.

Related Articles

Back to top button