
Ranchi : आजसू पार्टी 22 जून को पूरे झारखंड में संकल्प दिवस मनाएगी. संकल्प दिवस के अवसर पर कोरोना से मरनेवाले दिवंगत आत्माओं एवं झारखंड के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी इसके साथ ही रक्तदान शिविर के आयोजन के साथ ही वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा.
संकल्प दिवस को लेकर तैयारियां पूरी
आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने बताया कि संकल्प दिवस को लेकर सभी प्रखंडों में तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि कल होनेवाले वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं रक्तदान शिविर ऐतिहासिक होगा.
पूरे राज्य में जगह-जगह लगेगा रक्तदान शिविर एवं किया जाएगा वृक्षारोपण
रांची केंद्रीय कार्यालय में भी कल होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गयी है. केंद्रीय कार्यालय में सुबह 10:30 बजे से रक्तदान का कार्यक्रम प्रारंभ किया जायेगा. रामगढ में सुभाष चौक के समीप रक्तदान शिविर लगाया जाएगा एवं जमशेदपुर में ब्लड बैंक जमशेदपुर, धनबाद में हेल्थ लाइफ केअर हॉस्पिटल, गिरिडीह में गोयनका सेवासदन, पश्चिमी सिंहभूम के सदर अस्पताल सहित पूरे राज्य में जगह-जगह पर रक्तदान शिविर लगाने की तैयारी है.
आजसू पार्टी ने यह संकल्प लिया है कि झारखंड की जनता को रक्त की कमी से जूझने नहीं दिया जाएगा. आजसू पार्टी ने यह निर्णय लिया है कि संकल्प दिवस के अवसर पर प्रत्येक प्रखंड में कम से कम 100 वृक्ष लगाये जायेंगे.




