
Ranchi: राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित राजा हाता मोहल्ला में अपराधियों ने हाई कोर्ट के अधिवक्ता को गोली मारकर घायल कर दिया है. घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि अपराधी पैदल ही आए और बरियातू निवासी अधिवक्ता को गोली मारकर मौके से फरार हो गए. इस घटना में तीन अपराधियों के शामिल होने की बात कही जा रही है.
मामले की जानकारी मिलने के बाद देर रात ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच जांच में जुट गई. अपराधियों के बारे में सुराग पाने को लेकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल जा रहा है. फिलहाल घटना के कारणों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है और न ही अपराधियों के बारे में ही पुलिस को कोई सुराग मिल सका है.
बताया जा रहा है कि अधिवक्ता रविशंकर मिश्रा सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के चूना भट्टा स्थित संस्कृत विद्यालय वाली गली में रहने वाले अपने क्लाइंट से मिलने के लिए गए हुए थे. क्लाइंट से मिलने के बाद रविवार देर रात बरियातू क्षेत्र स्थित अपने घर के लिए निकले थे कि तभी अपराधियों ने उन्हें घेर कर गोली चला दी. इस फायरिंग में अधिवक्ता रविशंकर मिश्रा की पीठ में गोली लगी और वो जमीन पर गिर पड़े. बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.




