
Ranchi : झामुमो ने गुरुवार को दुमका औऱ गिरिडीह लोकसभा सीटों से उम्मीदवारों की घोषणा की. दुमका से नलिन सोरेन औऱ गिरिडीह से मथुरा प्रसाद महतो प्रत्याशी बनाये गये हैं. पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी. इससे पहले चर्चा थी कि हेमंत सोरेन जेल से दुमका लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं. पर अब इस घोषणा के बाद सभी प्रकार की चर्चा पर विराम लग गया है.
सीता सोरेन के सामने होंगे नलिन सोरेन
बीजेपी ने दुमका लोकसभा सीट से सोरेन परिवार की बड़ी बहू को उम्मीदवार बनाया है. अब जेएमएम से नलिन सोरेन बीजेपी उम्मीदवार को टक्कर देंगे. हालांकि इससे पहले सोरेन परिवार के ही किसी व्यक्ति के चुनाव लड़ने की संभावना जतायी जा रही थी. लेकिन अब नलिन सोरेन के नाम की घोषणा होने के बाद सभी कयासों पर विराम लग गया है.
इससे पहले कांग्रेस ने तीन सीटों पर की है उम्मीदवारों की घोषणा
इंडी गठबंधन के मुख्य घटक दल कांग्रेस ने झारखंड में अबतक सिर्फ तीन सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है. 28 मार्च को कांग्रेस की सीईसी की बैठक के बाद पार्टी ने तीन उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी. जिसमें लोहरदगा लोकसभा से सुखदेव भगत, खूंटी से कालीचरण मुंडा और हजारीबाग से जय प्रकाश पटेल पर पार्टी ने भरोसा जताया है.
इसे भी पढ़ें – जेल में बंद अमन साहू के इशारे में रंगदारी लेने पहुंचे दो अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार, रंगदारी नहीं देने पर हत्या की थी योजना



