
Ranchi: हेमंत सरकार 28 जनवरी को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकती है. दरअसल, राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने मंत्रिमंडल विस्तार के लिए राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से समय मांगा है.
सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से 28 जनवरी शाम 4 बजे का समय लिया है. इस बाबत मुख्यमंत्री सोमवार को राज्यपाल से मुलाकात कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ेंःलोहरदगा: उपद्रव के बाद सामान्य होते हालात, आज कर्फ्यू में दो घंटे की छूट
जानकारी यह भी है कि कांग्रेस कुल 8 मंत्रियों को शपथ दिलाने की कोशिश करेगी. कांग्रेस अपने कोटे से 3 और जेएमएम से 5 मंत्रियों को शपथ दिलाने पर अभी भी अड़ी है. अगर दोनों पार्टियों में इस बात को लेकर असहमति बनती है तो 7 मंत्री शपथ लेंगे.
एक सीट खाली रखी जाएगी, जिस पर दोनों पार्टियों के शीर्ष नेता बातचीत कर उचित निर्णय लेंगे. मंत्रियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम राजभवन के बिरसा मंडप होगा.
हेमंत ने गुदड़ी की घटना से टाला कार्यक्रम, चर्चा कांग्रेस के प्रेशर पॉलिटिक्स की
इससे पहले बीते गुरुवार (23 जनवरी) को सुबह 11 बजे राज्यपाल से मिल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शपथ कार्यक्रम का समय मांगा था. उसके बाद यह खबर मीडिया में आयी थी कि शुक्रवार दोपहर 1 बजे का समय राज्यपाल से मिला है. लेकिन उसके बाद हेमंत पश्चिमी सिंहभूम के गुदड़ी में हुए नरसंहार का जायज़ा लेने चले गए थे.
देर शाम राज्यपाल से मिल अपने मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम को उन्होंने टालने की मांग तक कर दी. मीडिया को उन्होंने बताया था कि शुक्रवार दोपहर 1 बजे का समय राज्यपाल से मिला था, लेकिन गुदड़ी की घटना काफी मर्माहत करने वाली है. इसे देखते हुए ही कार्यक्रम टालने की मांग की गयी.
इसे भी पढ़ेंःक्या दिवालिया होने के करीब है सरकार ?
हालांकि चर्चा यह भी थी कि अपने 3 मंत्रियों को शपथ दिलाने के लिए कांग्रेस की प्रेशर पॉलिटिक्स देख मुख्यमंत्री ने यह कदम उठाया था.
कांग्रेस के 3 मंत्री ले सकते हैं शपथ
28 जनवरी के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस कोटे से 3 मंत्रियों के शपथ लेने की बात भी सूत्र बता रहे हैं खबर है कि वरिष्ठ नेता राजेन्द्र सिंह सहित बन्ना गुप्ता और दीपिका पांडेय सिंह को राज्यपाल शपथ दिलायेंगी. कांग्रेस और जेएमएम के बीच कोई असहमति बनती है तो फिलहाल 7 मंत्रियों को शपथ दिलायी जा सकती है.

इस पहले बीते 29 दिसंबर को मुख्यमंत्री के साथ कांग्रेस कोटे से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर औऱ विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने शपथ ली थी. आरजेडी कोटे से सत्यानंद भोक्ता ने भी 29 दिसम्बर को शपथ ली थी.

वहीं जेएमएम कोटे जिन 5 मंत्रियों के शपथ लेने की चर्चा है, उसमें चंपई सोरेन, जगरन्नाथ महतो, मिथलेश ठाकुर, स्टीफन मरांडी, हाजी हुसैन अंसारी, जोबा मांझी, दीपक बिरुआ सहित सीता सोरेन के नाम आगे हैं.
इसे भी पढ़ेंः2019 में निर्वाचित तीन सांसदों ने ही पंचायतों को गोद लिया, अर्जुन मुंडा ने पांच फेज की तैयारी की




