
Ranchi: दूरदर्शन पर प्रसारित हो रहे ऐतिहासिक धारावाहिक स्वराज को दर्शक 11 फरवरी से बिंज मोड पर (एक साथ कई एपिसोड ) देख सकेंगे. इस बात की जानकारी दूरदर्शन केंद्र रांची के कार्यक्रम प्रमुख डीबी कार्यी ने दी . बताया कि दर्शकों की विशेष मांग पर शनिवार 11 फरवरी 2023, दोपहर एक बजे से बिंज मोड पर प्रसारण की व्यवस्था की गई है. दूरदर्शन केंद्र रांची में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि स्वराज के माध्यम से भारत की स्वतंत्रता संग्राम की समर गाथा को दिखाने की कोशिश दूरदर्शन कर रहा है. इसकी शुरुआत 05 अगस्त को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के द्वारा केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री श्री अनुराग ठाकुर और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ एल.मुरूगन की उपस्थिति में किया गया था. इसे दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है. इस कार्यक्रम का प्रसारण 14 अगस्त से डीडी नेशनल पर हिंदी में, और क्षेत्रीय भाषाओं में रीजनल चैनल पर किया जा रहा है. दर्शकों की विशेष मांग पर विंज मोड पर स्वराज के एपिसोड दिखाने की व्यवस्था की जा रही है. झारखंड के अमर शहीद सिद्धो कान्हो मुर्मू की शौर्य गाथा पर आधारित एपिसोड पांच मार्च को प्रसारित किये जाएंगे. इस मौके पर डीडी झारखंड के चैनल संचालन विशेषज्ञ अमन कुमार ने बताया कि दूरदर्शन के कार्यक्रमों में दर्शक हमेशा केंद्र में होते हैं. उनके मनोरंजन और ज्ञानवर्धन के लिए हमारे कार्यक्रम समर्पित हैं. स्वराज के माध्यम से हम वास्को-डि गामा के भारत आगमन से लेकर आजादी तक के गुमनाम नायकों की गौरव गाथा दिखा रहे हैं. जिससे इनके योगदान से दुनिया वाकिफ हो सके. विंज मोड पर स्वराज का प्रसारण दर्शकों के लिए लाभकारी साबित होगा. जनजातीय गौरव के प्रतीक तिलका मांझी और सिद्धो कान्हू मुर्मू सहित कई गुमनाम नायकों की कहानी एक ही जगह और एक बार में देखने को मिलेगा . जिन दर्शकों ने किसी कारण से पुराने एपिसोड नहीं देखें हैं. उनके लिए यह सुनहरा अवसर है. प्रेस वार्ता के दौरान कार्यक्रम अधीशासी सुधीर कुमार और गोविंद कुमार झा भी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: परिवहन सचिव हाई कोर्ट में नहीं हुए हाजिर, कोर्ट ने राज्य सरकार को लगाई फटकार, 17 फरवरी को मुख्य सचिव को किया तलब




