
Ramgarh: त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत शुक्रवार को होने वाले चतुर्थ चरण में मांडू प्रखंड में होने वाले मतदान के मद्देनजर वृहस्पतिवार को सभी सेक्टर दंडाधिकारी जिला परिषद कार्यालय में बनाए गए डिस्पैच सेंटर एवं पीठासीन, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारी रामगढ़ महाविद्यालय रामगढ़ में बनाए गए डिस्पैच सेंटर से रवाना हुए. इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त माधवी मिश्रा, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने मतदान कर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सामग्रियों व अन्य कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने सभी को शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त तरीके से मतदान संपन्न कराने का निर्देश दिया. मौके पर सुश्री मिश्रा ने सभी मतदान पदाधिकारियों को मतदान के दिन समय का विशेष रूप से ध्यान रखने एवं निर्धारित समय पर मतदान शुरू कर देने का निर्देश दिया. उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान बताई गई बातों को ध्यान में रखते हुए कार्य करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें : स्कॉलरशिप का लाभ देने में श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय उदासीन, स्टूडेंट यूनियन ने की तालाबंदी
त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के चतुर्थ चरण के चुनाव के तहत 27 मई 2022 को प्रातः 7:00 बजे से अपराहन 3:00 बजे तक मांडू प्रखंड में चुनाव होना है. चतुर्थ चरण के मतदान हेतू मांडू प्रखंड में कुल 266 भवनों में 426 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. मांडू प्रखंड में 426 मतदान केंद्रों के लिए बनाए गए 266 भवनों में 181 भवन सामान्य, 44 भवन संवेदनशील एवं 41 भवन अति संवेदनशील श्रेणी के हैं. चतुर्थ चरण के चुनाव के तहत कुल 509 पदों पर चुनाव होना है जिनमे 4 पद जिला परिषद सदस्य, 43 पद पंचायत समिति सदस्य, 36 पद ग्राम पंचायत सदस्य के मुखिया एवं 426 ग्राम पंचायत सदस्यों के पद पर चुनाव होगा.
चतुर्थ चरण में कुल 160688 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 85726 एवं महिला मतदाताओं की संख्या 74962 होगी. चतुर्थ चरण में निर्वाचन शांतिपूर्ण स्वच्छ एवं भयमुक्त मतदान कराने हेतु मांडू प्रखंड में कुल 5 जोनल दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. जोनल दंडाधिकारी संबंधित जोन के संबद्ध सेक्टर के वरीय प्रभार में रहेंगे वहीं चतुर्थ चरण हेतु कुल 61 सेक्टर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
इसे भी पढ़ें : मुख्यमंत्री पहुंचे स्वर्णरेखा नर्सिंग होम, पूर्व मंत्री यदुनाथ बास्के का हाल जाना
चतुर्थ चरण में मांडू प्रखंड के वार्ड सदस्य के 426 पद के विरुद्ध 190 निर्विरोध निर्वाचित है, रिक्त 5 एवं शेष पर चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 559 है. मांडू प्रखंड में ग्राम पंचायत के मुखिया 36 पदों पर चुनाव लड़ने वाले कुल अभ्यर्थी 224 है, पंचायत समिति सदस्य के 43 पद के विरुद्ध 1 निर्विरोध निर्वाचित हैं शेष पदों पर चुनाव लड़ने वाले कुल अभ्यर्थी 170 है. जिला परिषद सदस्य के 4 पदों पर चुनाव लड़ने वाले कुल अभ्यर्थियों की संख्या 31 है.चुनाव के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु मांडू प्रखंड के 426 मतदान केंद्रों के लिए कुल 1876 मतदान पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी सेक्टर दंडाधिकारियों को वाहन उपलब्ध कराए गए हैं वहीं कुल 160 वाहनों की व्यवस्था वाहन कोषांग द्वारा की गई है.मौके पर विभिन्न कोषांगो के वरीय पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : chaibasa-big-news : वन विभाग का रेंजर घूस लेते हुये गिरफ्तार, घर से 99 लाख रुपये नकद बरामद




