
कोरोना से लड़ाई के लिए केंद्र सरकार ने 73 लाख खाताधारकों को दी है आर्थिक मदद
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत दिया जाना है 500 रूपये की आर्थिक मदद
Ranchi : कोरोना से लड़ाई के लिए केंद्र सरकार ने महिलाओं के जनधन खाते में 500 रूपये आर्थिक मदद देने की घोषणा की है. बैंक कार्डधारी आगामी 3 अप्रैल यानि शुक्रवार से अपने खाते से इस राशि की निकासी कर पायेंगे. योजना सह वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव के. के. खंडेलवाल ने सभी डीसी, एसएसपी व एसपी को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने कहा है कि यह राशि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत दिया जाना है. वर्तमान में अभी महिलाओं के जनधन के कुल 73 लाख खाते हैं.
इसे भी पढ़ें –#IslamicCoronaJehad : मरकज के लोगों ने तो गलत किया ही, कोरोना फैलाया, पर अमित शाह की दिल्ली पुलिस है सबसे बड़ी जिम्मेदार
खाता संख्या के अनुसार निकासी की तय की गयी है तिथि
उन्होंने कहा है कि राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के द्वारा इस राशि के वितरण के लिए विस्तृत मार्गदर्शन निर्गत किये गये हैं. इसके अनुसार, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत महिला जनधन खाताधारी जिनका खाता संख्या के अंतिम अंक 0,1 हैं, वे 3 अप्रैल को राशि निकाल सकते हैं.
खाता संख्या 2,3 वाले 4 अप्रैल को, खाता संख्या 4,5 वाले 7 अप्रैल को, खाता संख्या 6,7 वाले 8 अप्रैल को एवं खाता संख्या 8,9 वाले 9 अप्रैल को अपने खातों से राशि की निकासी कर सकते हैं. इसके अलावा वैसे खाताधारक, जो उपर्युक्त तिथियों को राशि की निकासी नहीं कर सकेंगे वे 9 अप्रैल के बाद किसी भी दिन बैंक के समय में जाकर अपने खाते से राशि का निकासी कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें – इधर, शिक्षामंत्री कह रहे निजी स्कूल फीस न लें उधर, स्कूलों ने फीस बढ़ाने के साथ ऑनलाइन जमा करने को भी कहा
निकासी के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग को मेटेन रखे बैंक
खंडेलवाल ने सभी बैंकों को निर्देश दिया है कि इस राशि के निकासी के लिए बैंक शाखाओं में काफी संख्या में लोग उपस्थित होंगे. इस क्रम में सोशल डिस्टेंसिंग को मेंटेन करना अति आवश्यक है. उन्होंने अनुरोध किया है कि बैंक शाखाओं में इस दौरान विधि व्यवस्था सुरक्षा सुनिश्चित की जाये.
बैंक शाखाओं में आने वाले इन खाताधारकों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये एवं इसे हर हाल में सुनिश्चित कराने की व्यवस्था की जाये. उन्होंने कहा कि बैंक शाखाओं के द्वारा बैंकिंग कॉरस्पॉडेंट के माध्यम से भी खाताधारकों के बीच राशि का वितरण किया जायेगा.
इस क्रम में भी विधि व्यवस्था सुरक्षा सुनिश्चित की जाये. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बैंकर्स समिति के द्वारा दी गयी एडवाइजरी का अविलंब व्यापक प्रचार-प्रसार करायें, ताकि सभी खाताधारकों को इसकी सूचना प्राप्त हो सके.
इसे भी पढ़ें – सरकारों की ओर से कोरोना के प्रारंभिक खतरों को नजरअंदाज करने का खमियाजा भुगत रही है जनता




