
Mumbai : अगर आप शेयर बाजार से जुड़े हैं तो ये खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है. अब शेयरों की खरीद-फरोख्त का पैसा चौबीस घंटे में आपके खाते में आ जाएगा. अभी तक यह रकम 48 घंटे में खाते में पहुंचती थी. बाजार नियामक सेबी शुक्रवार से टी प्लस वन का नियम पहली बार शेयर बाजार में लागू कर रहा है. इस फैसले से बाजार में रकम फंसने की अवधि आधी रह जाएगी और 600 करोड़ से ज्यादा पैसा बाजार में आने का अनुमान है.
शुक्रवार से 100 कंपनियों के शेयर आएंगे दायरे में
शेयरों के सेटलमेंट का टी प्लस वन सिस्टम 25 फरवरी से लागू हो रहा है. चुकनू सिक्योरिटीज लिमिटेड के एमडी संजीव अग्रवाल के मुताबिक इस सिस्टम के दायरे में सभी शेयरों को चरणबद्ध रूप से लाया जाएगा.शुक्रवार से टी प्लस वन सेटलमेंट सिस्टम के तहत 100 कंपनियों के शेयर आएंगे. सबसे कम वैल्युएशन वाली 100 कंपनियों को इसमें शामिल किया जाएगा. अगले महीने से हर शुक्रवार को 500 कंपनियां इस सिस्टम में जोड़ी जाएंगी. यह प्रक्रिया तबतक जारी रहेगी, जबतक सभी शेयर टी प्लस वन सिस्टम में नहीं आ जाते.
इसे भी पढ़ें:चारा घोटाला मामले में CBI कोर्ट के फैसले को आरके राणा ने दी हाईकोर्ट में चुनौती
तीन दिन, फिर दो दिन, अब एक दिन में आएगा पैसा
संजीव अग्रवाल ने बताया कि शेयर खरीदते हैं तो शेयर डीमैट एकाउंट में आने में कुछ समय लगता है. इसी तरह शेयर बेचने पर पैसा आपके एकाउंट में आने में कुछ समय लगता है. इसे सेटलमेंट सिस्टम कहा जाता है. वर्ष 2002 तक इसमें तीन दिन लगते थे.
2003 से टी प्लस टू सिस्टम शुरू किया गया, जो अभी तक लागू है. शेयरों को खरीदने-बेचने के आर्डर का सेटलमेंट दो दिन में पूरा होता है. यानी जिस दिन शेयर खरीदा है, उसके दो दिन बाद आपके डीमैट खाते में शेयर आएंगे.
जिस दिन शेयर बेचा है, उसके दो दिन बाद पैसा खाते में आएगा. अब शुक्रवार से केवल एक दिन के अंदर शेयर या पैसा आपके खाते में आ जाएगा.
इसे भी पढ़ें:कोरोना के बावजूद झारखंड में प्रति व्यक्ति आय 53 हजार के पार, जीडीपी भी बढ़ा
निवेशकों को ही नहीं बाजार को भी फायदा
शेयर मार्केट एनालिस्ट राजीव तुलस्यान के मुताबिक काफी समय से सेटलमेंट पीरियड घटाने की मांग की जा रही थी. नई व्यवस्था में सेबी ने दो दिन वाली व्यवस्था को भी फिलहाल जारी रखने का फैसला लिया है. साथ ही स्टाक एक्सचेंजों को आजादी दी है कि वह नई और पुरानी में से किसी भी व्यवस्था को चुन सकते हैं.
निवेशकों को फायदा ये है कि उनकी पूंजी दो दिन के बजाय केवल एक दिन में फ्री हो जाएगी. जिनके पास सीमित पैसा है, उन्हें शेयर बाजार में दोगुना पू्ंजी के साथ ट्रेडिंग का अवसर मिलेगा.
शेयर के भाव चढ़ने पर दो दिन के बजाय एक ही दिन में बेचा जा सकेगा. यानी पैसे और शेयरों का रोटेशन कम से कम 20 फीसदी तेज होगा.
इसे भी पढ़ें:झारखंड : 25 लाख का इनामी नक्सली विमल यादव ने किया सरेंडर




