
Ranchi : बीएड कर चुके छात्रों के लिए राहत की खबर है. तीन साल बाद राज्य सरकार शिक्षक पात्रता परीक्षा लेने जा रही है. संभवतः इस परीक्षा को लेकर सितंबर महीने में विज्ञापन निकाले जाने की संभावना है. शिक्षक पात्रता परीक्षा में पास छात्रों को ही विभिन्न शिक्षकों के लिए निकाले जाने वाले नियुक्ति में सम्मिलित होने का मौका मिलता है. अब तो राज्य में गैर टेट पास पारा शिक्षकों के लिए भी मुसीबत हो गयी है.
शिक्षक पात्रता परीक्षा नहीं पास करने वाले पारा शिक्षकों को बहुत ही कम मानदेय दिया जाता है. तीन साल बाद होने वाले इस परीक्षा से कई पारा शिक्षकों सहित शिक्षण के क्षेत्र में जाने की चाह रखने वालों के लिए यह बेहतर मौका साबित हो सकता है.
इसे भी पढ़ें –लातेहार : SDO को LRDC का प्रभार क्या मिला, रुपये लेकर मुकदमे सलटाने में जुट गये!
2016 में अंतिम बार हुई थी परीक्षा
रघुवर दास सरकार में अभी तक सिर्फ एक बार ही शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन किया गया है. अंतिम बार यह परीक्षा 2016 में आयोजित किया गया था. उससे पहले भी तीन साल पहले ही 2013 में आयोजित किया गया था. 2013 में हुए शिक्षक पात्रता परीक्षा में 66984 छात्र सफल हुए थे. वहीं 2016 में 52,837 छात्र सफल घोषित किये गये थे. झारखंड के पड़ोसी राज्य बिहार में प्रतिवर्ष इस परीक्षा का आयोजन किया जाता है.
8073 शिक्षकों के पद अब भी रिक्त
राज्य में 2016 में शिक्षक पात्रता परीक्षा के पूर्व कुल 25,637 शिक्षकों के पद रिक्त थे. जिसके बाद 17,564 शिक्षकों के लिए बहाली निकाली गयी थी. जिनके नियुक्तियों की अंतिम प्रकिया चल रही है. जिसके बाद पता लग जायेगा कि कितने शिक्षकों के पद रिक्त रह गये हैं.
अगर सभी 17,564 पदों पर शिक्षकों को बहाल कर लिया जाता है तो पहले से रिक्त 8073 पदों पर बहाली निकाली जाएगी. या फिर शेष रह गये पदों को जोड़कर संभवतः शिक्षक पात्रता परीक्षा के बाद बहाली निकाली जाएगी.
इसे भी पढ़ें –तीन वर्षों से चल रहा है रांची, पलामू और गढ़वा जेल में खेल, नहीं हुआ जेल अधीक्षकों का तबादला




