
Gomia : गोमिया थाना क्षेत्र के स्वांग उत्तरी पंचायत के चार युवक रांची के मांडर में एक टावर लाइन कार्य के दौरान करंट की चपेट में आ गये जिससे दो की मौत हो गयी जबकि एक की हालत गंभीर है. गंभीर रूप से घायल को इलाज रिम्स में कराया जा रहा है.
इस संबंध में बताया जाता है कि गोमिया के स्वांग न्यू माइंस निवासी श्यामसुंदर भुइयां के 24 वर्षीय पुत्र महेश भुइयां और पिपराडीह निवासी भीम लोहार के 21 वर्षीय पुत्र अविनाश करमाली के साथ-साथ सहित राजेंद्र सिंह का पुत्र अमर कुमार 25 दिन पूर्व रांची के मांडर स्थित मल्टी इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड में काम करने के लिए गये थे.
इसे भी पढ़ें : लातेहार के बालूमाथ से टीएसपीसी का एक उग्रवादी ग्रिफ्तार, निशानदेही पर दो कार्बाइन व चार रायफल बरामद
अचानक चालू हो गयी बिजली
शुक्रवार को टावर में कार्य के दौरान अचानक बिजली चालू होने से ये लोग झुलस गये जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गयी. दूसरे ने इलाज के दौरान रिम्स में दम तोड़ दिया.
गंभीर रूप से घायल अमर कुमार का पिपराडीह में मामा का घर बताया जाता है. एक अन्य बेरमो निवासी सोनू कुमार के भी मामूली रूप से घायल होने की सूचना मिली है. बताया जाता है कि कंपनी के ठेकेदार ने तत्काल 30-30 हजार का मुआवजा दिया है.
स्वांग उत्तरी की मुखिया चमेली देवी, स्वांग दक्षिणी मुखिया धनंजय कुमार सिंह, पूर्व मुखिया विनोद विश्वकर्मा, विनोद कुमार यादव ने परिजनों को सांत्वना दी.
इसे भी पढ़ें : पलामू: 12 करोड़ की नहर एक बरसात झेल नहीं पायी, कई जगह हुई ध्वस्त




