
Dhanbad : बुधवार की सुबह झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र के ASP ऑउटसोर्सिंग के फायरपेच में हैवी ब्लास्टिंग के बाद जोरदार आवाज के साथ गोफ बन गया. साथ ही गोफ से लगातार जहरीले गैस का रिसाव हो रहा है. घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है. घटना के बाद से ही स्थानीय लोगो में दहशत व्याप्त है. घटनास्थल के नजदीक मुख्य मार्ग से रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना लगा रहता है. जिससे लोगों को किसी अनहोनी घटना का भय सता रहा है.
इसे भी पढ़ें : देह व्यापार के लिए ट्रेन से दिल्ली भेजी जा रही थी नाबालिग लड़कियां, आसनसोल से बरामद, दलाल गिरफ्तार

खबर लिखे जाने तक घटनास्थल पर किसी भी बीसीसीएल अधिकारी के नहीं पहुंचने के कारण स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है. स्थानीय प्रदीप रवानी ने बताया कि सुबह लगभग 7 बजे से गैस रिसाव हो रहा है और अभी तक बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है. गैस रिसाव स्थल के पास से ही रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना होता है. उन्होंने कहा कि आसपास के क्षेत्रों की स्थिति को देखकर यह कहा जा सकता है कि यहां के ग्रामीण मौत के साए में जी रहे हैं. कब क्या अनहोनी हो जाए और कौन काल के गाल में समा जाए यह कहा नहीं जा सकता. जबकि बीसीसीएल प्रबंधन इसको लेकर लगातार उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं.
इसे भी पढ़ें : जानिये कहां हुई शर्मशार करने वाली घटना, चार महिलाओं की सड़क पर कपड़े उतरवा कर पिटाई




