
- प्रशासन के साथ चुनौतियों में खड़े रहने वाले शहर के कोरोना यौद्धाओं को प्रशासन भी करता है सलाम
- जिले को पहला आइसीयू देने वाले उद्योगपति और ठेकेदार भी किये गये सम्मानित
Giridih: चौथे चरण के लॉकडाउन के बीच शनिवार शाम कोरोना योद्धाओं को गिरिडीह प्रशासन ने सम्मानित किया.
शहर के नगर भवन में प्रशासन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में 88 समाजिक संस्थाओं के साथ कई प्रमुख व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया. कोरोना योद्धाओं का डीसी राहुल सिन्हा और एसपी सुरेन्द्र झा ने सम्मान किया.
मार्च से शुरू हुए लॉकडाउन के बीच हर जरुरतमंद के बीच अनाज, मास्क, ग्लव्स, सैनेटाइजर वितरण करने वालों को तो सम्मानित किया ही गया, साथ ही जिले को पहला कोविद-19 आइसीयू देने वाले शहर के उद्योगपतियों और संवेदकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
इसे भी पढ़ें- #Mica कारोबार : रघुवर सरकार की एक लापरवाही… और फॉरेस्ट एक्ट 1980 को हथियार बनाकर खेल रहा वन विभाग
कोरोना ने हमें मानवता का पाठ पढ़ाया
सामाजिक दूरी के बीच हुए सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए डीसी ने कहा कि कोरोना ने हर आम व खास को अब एक जीवन दिया है. यह तय है कि अब आने वाले वक्त इसी लाइफ स्टाइल में गुजारा जायेगा.
लेकिन लॉकडाउन के शुरुआती दौर से ही प्रशासन के साथ-साथ हर सामाजिक संस्था और शहर के प्रमुख लोगों ने कोरोना योद्धा की भूमिका में रहते हुए जरुरतमंदो को भूखे नहीं सोने दिया.
वहीं समारोह को एसपी सुरेन्द्र झा ने संबोधित करते हुए कहा कि जिस वजह से लॉकडाउन लागू किया गया वह कोरोना था, जिसने मानवता का सही तरीके से पाठ पढ़ाया. आने वाले वक्त को एसपी ने चैलेंजिंग बताते हुए कहा कि हर हाल में इस लड़ाई से सबों को मिलकर लड़ना है.
इनका भी हुआ सम्मान
इधर सम्मान समारोह में आइसीयू की नींव रखने में वित्तीय सहयोग करने वाले उद्योगपति सह सलूजा स्टील के चैयरमेन अमरजीत सिंह सलूजा, मोंगिया स्टील के निदेशक गुणवंत सिंह सलूजा, लाल स्टील के निदेशक जयप्रकाश लाल, संवेदक निरंजन राय, सुभाष शिक्षण संस्थान के निदेशक संजय सिंह गुड्डू के अलावे अनाज और मास्क व सैनेटाइजर वितरण करने वाली समाजिक संस्थाओं में मारवाड़ी युवा मंच, बरनवाल सेवा समिति के लखन बरनवाल, रंजीत बरनवाल, रेडक्रॉस सोसाइटी, चैंबर ऑफ कॉमर्स के निर्मल झुनझुनवाला, प्रदीप अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, आजसू नेता अर्जुन बैठा, बार एसोसिएशन के महासचिव चुन्नूकांत, माइका ट्रेडर्स के प्रतिनिधि राजेश छापरिया, रोटरी ग्रेटर के विकास सिन्हा और विकास शर्मा, राकेश मोदी समेत कइयों को सम्मानित किया गया. वहीं समारोह में शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें – #TTPS की क्षमता है 420 MW, उत्पादन हो सकता 390 MW, फिर क्यों कराया जा रहा 250 MW, साजिश या कमिशनखोरी?




