
Giridih : गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की न्यू पुलिस लाईन के समीप कैलीबाद गांव में बुधवार दोपहर 50 वर्षीय विधवा लीलावती देवी की लाश मिली. खबर है कि लीलावती की हत्या किये जाने के बाद उसका शव को ढंक दिया गया था. विधवा की हत्या क्यों हुई, और किसने की? यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है.
जानकारी के अनुसार उसकी की दो शादियां हुई थी. दोनों पति की मौत हो चुकी है. पहला पति देवघर में रहता था. उसकी दूसरी शादी गिरिडीह के कैलीबाद गांव निवासी राजकुमार साव के साथ हुई थी. जानकारी के अनुसार लीलावती देवी का बेटा और बहू अपने तीनों बच्चों के साथ करीब 10 दिनों से पूजा के लिए देवघर गये हुए थे.

इसे भी पढ़ें : #Latehar : बालूमाथ और हेरहंज क्षेत्र में पुलिस ने 14 एकड़ में लगी अफीम की फसल नष्ट की
लीलावती देवी की हत्या क्रूरता के साथ की गयी है
राजकुमार साव की मौत के बाद लीलावती अपने बेटे-बहू और पोते-पोतियों के साथ कैलीबाद स्थित घर में रहती थी. राजकुमार साव की मौत हुए भी तीन साल बीत चुके हैं. लीलावती देवी की हत्या काफी क्रूरता के साथ की गयी है. शव देखकर ऐसा लग रहा है, क्योंकि विधवा लीलावती देवी को पहले गला रेतकर मारा गया, उसके बाद उसके चेहरे को भी कुचला गया है.
इसे भी पढ़ें : कोयला कंपनियों को रैयतों को हर हाल में देना होगा जमीन के बदले नियोजन और मुआवजा : हेमंत सोरेन
घर में शव मिलने के बाद लोगों की भीड़ जुट गयी
विधवा का शव कैलीबाद स्थित उसके घर में मिलने के बाद लोगों की भीड़ जुट गयी. जानकारी मिलने के बाद डीएसपी टू संतोष मिश्रा के साथ मुफ्फसिल थाना प्रभारी रत्नमोहन ठाकुर, जिप उपाध्यक्ष सह भाजपा नेता कामेशवर पासवान, मुखिया हरगौरी साव उर्फ छक्कू साव समेत कई स्थानीय लोग वहां पहुंचे.
पुलिस जब घर के उस कमरे में घुसी, जहां विधवा का शव खाट पर रखा हुआ था. कमरे में कई जगहों पर खून के छीटें पड़े थे. उसके शव को सबसे पहले उसके चचेरे देवर संतोष साव उर्फ तुलसी ने देखा.
चेहरा खून से लथपथ पड़ा हुआ था
लीलावती के चचेरे देवर तुलसी का कहना है कि उसके भाभी के घर में बछड़ा चिल्ला रहा था. बछड़े के चिल्लाने के कारण वह भाभी लीलावती को देखने के लिए उनके घर पहुंचे. तुलसी जब घर के भीतर घुसा, तो देखा कि लीलावती देवी खाट में सोई हुई है और चेहरा कपड़े से ढ़का हुआ था.
तुलसी ने जब कपड़ा उठाया, तो देखा कि भाभी का चेहरा खून से लथपथ पड़ा हुआ था. इसके बाद तुलसी ने मामले की जानकारी पुलिस को देने के साथ मुखिया हरगौरी साव को दी. घटनास्थल से ऐसा कोई संदिग्ध समान बरामद नहीं किया गया है. उसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने में जुट गयी.
इसे भी पढ़ें : बनहर्दी कोल ब्लॉक: JUUNL ने जांच के लिए ACB को लिखा पत्र, GM HR ने दबाया-सचिव के हस्तक्षेप के बाद हुई कार्रवाई




