
Dhanbad : झामुमो के 48वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम मंगलवार देर रात तक गोल्फ ग्राउंड में चला. इस दौरान गांव-देहातों से भारी संख्या में आये लोगों को संबोधित करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जब देश आजादी के सपने नहीं देख रहा था, उस वक्त हमारे वीर सपूतों ने झारखंड का सपना देखा था. उसके लिए लड़ाई लड़ी गयी थी.
उन्होंने कहा कि 2019 की जंग में झारखंडियों ने भाजपा को हराकर खुद की सरकार बनायी. यहां का सीएम सिर्फ मैं नहीं, हर एक झारखंडी यहां का सीएम है. उन्होंने कहा कि मैं पूरी कोशिश करूंगा कि आपकी उम्मीदों पर खरा उतरूं.
इसे भी पढ़ें – क्या वीर सावरकर ने अंग्रेजों से लगायी थी दया की गुहार? अंडमान प्रशासन के पास दया याचिकाओं का रिकॉर्ड नहीं
पिछली सरकार ने खाली कर दिया है झारखंड का खजाना
उन्होंने कहा कि पूर्व की अहंकारी सरकार ने झारखंड को हर क्षेत्र में पीछे धकेल दिया. न रोजगार है न किसानों की खुशहाली. और न ही सरकारी कर्मचारियों को अधिकार मिला. इसके साथ ही झारखंड में विधि व्यवस्था भी चरमरा गयी थी.

राज्य का खजाना पूरी तरह से खाली कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि राज्य का खजाना इस तरह खाली है कि सरकारी कर्मचारियों को वेतन देने की समस्या उत्पन्न हो गयी है. अब झारखंडियों को मेहनत कर खुद खजाना भरना होगा.
स्थानीय नीति और नियोजन नीति में भी होगा सुधार
लोगों को संबोधित करते हुए सीएम हेमंत ने कहा कि सरकार की योजनाएं आपकी हैं. डीसी-एसपी को आपके टैक्स से सैलरी मिलती है. यहां की संपदा पर पहला हक झारखंडवासियों का है. उन्होंने कहा कि धनबाद कोयलांचल का नाम पूरी दुनिया के लोग जानते हैं.
साथ ही कहा कि यहां के कोयले से दूसरे राज्य रौशन हो रहे हैं. दूसरे राज्य के लोगों को नौकरी मिल रही है. लेकिन अब आने वाले समय में कोयला कंपनियां झारखंड के साथ भेदभाव करना छोड़ दें. सरकारी कोयला कंपनियों को अब रैयतों की जमीन पर कोयला निकालने के बदले में मुआवजा और नौकरी दोनों ही देनी होगी.
उन्होंने कहा कि अगर किसी रैयत का एक डिसमिल जमीन भी कोलियरी में गया है, तो उसे नौकरी और मुआवजा देना होगा. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि स्थानीय नीति और नियोजन नीति में भी सुधार किया जायेगा.
इसे भी पढ़ें –#Dhanbad: सीएम से मिली यौन शोषण पीड़िता, कहा– ढुल्लू महतो खुद को समझते हैं धनबाद का सीएम
पढे़-लिखे और अनपढ़ सभी को मिलेगा रोजगार, रुकेगा पलायन
हेमंत सोरेन ने कहा कि आईएसएम को आगे बढ़ाने के लिए जमीन का अधिग्रहण हो रहा है. सरकारी जमीनों का जो घोटाला हुआ है, उसके लिए जो सरकारी अधिकारी जिम्मेवार हैं, वे लोग भी जेल जाने के लिए तैयार रहें.
उन्होंने बताया कि झारखंड में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे हुए लोग, जिन्होंने झारखंड को लूटने का काम किया, उन्हें अब हिसाब देना होगा. झारखंड सरकार पढ़े-लिखे, अनपढ़ सभी को रोजगार देने का काम करेगी. लोगों को रोजगार मिलेगा तो पलायन भी रुकेगा.
नहीं मिला आरक्षण तो नहीं जाने देंगे कोयला-लोहा
इसके साथ ही सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि लड़कियों की टेक्निकल शिक्षा आने वाले बजट में निशुल्क की जायेगी. CAA को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एक भाई को दूसरे से लड़ाना चाहती है. भाजपा सरकार में सरकारी कंपनियां बिक रही हैं.
रेलवे, एलआईसी, बीएसएनएल को सरकार बेचने का काम कर रही है. यानी कि संविधान प्रदत शक्तियों को छीनने का काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नौकरियों में आरक्षण नहीं मिला तो झारखंड से कोयला, लोहा नहीं जाने देंगे. साथ ही एक इंच भी जमीन केंद्र को नहीं देंगे.
इसे भी पढ़ें – क्या NIA अफसर टेरर फंडिंग के नाम पर कोल ट्रांसपोर्टरों को तंग कर रहे हैं!




