
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज ईटखोरी में नवनिर्मित ग्रिड सब स्टेशन एवं चतरा-लातेहार ट्रांसमिशन लाइन का शुभारंभ कर चतरा जिले को बड़ी सौगात दी है. अब इस जिले के बड़े हिस्से को निर्बाध और गुणवत्ता युक्त बिजली मिलेगी. लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी.
मौके पर मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि ग्रिड सब स्टेशन और ट्रांसमिशन लाइन के चालू होने से यहां के लोगों की वर्षों की चिर प्रतिक्षित मांग पूरी हो गई है. अब यहां का हर घर न सिर्फ रोशन होगा बल्कि नई ऊर्जा के साथ विकास के रास्ते पर चतरा जिला तेजी से आगे बढ़ेगा.
विकास के लिए बिजली अहमः
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए बिजली बेहद अहम है. यही वजह है कि सरकार पूरे राज्य में ग्रिड सब स्टेशन और संचरण लाइन का जाल बिछा रही है, ताकि राज्यवासियों को बिजली की आंख मिचौली नहीं झेलनी पड़े. निर्बाध और क्वालिटी बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके.
इसे भी पढ़ें:नक्सलियों के हाथ में अमेरिकन आर्मी के हथियार, NIA करेगी जांच
सोलर पावर प्लांट्स को बढ़ावा दे रही सरकारः
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा सोलर पावर प्लांट्स को बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने लोगों से कहा कि वे खेती की तरह बिजली की भी खेती करें. अपनी बंजर भूमि और घर की छत का इस्तेमाल सोलर पावर प्लांट लगाने में करें.

इससे न सिर्फ अपने लिए बिजली का उत्पादन कर सकेंगे, बल्कि सरप्लस बिजली को सरकार खरीदेगी. इससे आपकी आमदनी में इज़ाफ़ा होगा और आप राज्य के विकास में भागीदार बनेंगे. सोलर पावर प्लांट लगाने के लिए सरकार सब्सिडी देगी. इसके लिए बहुत जल्द एक नई योजना लांच की जाएगी.
आपकी भावनाओं के अनुरूप काम कर रही सरकार :
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आपकी सरकार है. आपकी भावनाओं के अनुरूप सरकार काम कर रही है. राज्यवासियों के कल्याण और विकास के लिए कार्य योजना बनाई जाती है. उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे सरकार की योजनाओं से जुड़े और उसका लाभ लें.
इसे भी पढ़ें:BIG NEWS : अमेरिका पर कोरोना का बड़ा अटैक,शिकागो के स्कूल में 1,400 संक्रमित मिले
पिछड़े जिलों के विकास पर विशेष फोकसः
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नजर चतरा, गढ़वा, लातेहार जैसे पिछड़े जिलों पर विशेष रूप से है. इसलिए ऐसे जिलों के लिए विशेष योजना भी बनाई जा रही है. इससे पहले गृह गढ़वा में भी सब स्टेशन का उद्घाटन इसी का परिचायक है.
शहरों में बाईपास बनाए जाएंगे :
मुख्यमंत्री ने चतरा शहर में बाईपास की मांग पर कहा कि इस दिशा में सरकार लगातार मंथन कर रही है. वैसे शहर, जहां बाईपास की जरूरत है, इसकी योजना स्वीकृत की जाएगी. इतना ही नहीं, भविष्य की जरूरतों को देखते हुए भी शहरों के लिए बाईपास की योजना बनाई जा रही है.
उन्होंने बताया कि चतरा शहर के लिए बाईपास की स्वीकृति दे दी गई है. इसकी नींव अगले साल जनवरी में रखी जाएगी. उन्होंने यहां एक डेहरी प्लांट स्थापित करने की भी बात कही.
इसे भी पढ़ें:IPL 2021 : एमएस धौनी ने बनाया कीर्तिमान, शायद ही कोई इस रिकार्ड तोड़ पाए
अफीम की खेती रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमः
मुख्यमंत्री ने कहा कि चतरा समेत कई जिलों में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से अफीम की खेती होती है. इसे रोकने की दिशा में कई कदम उठाए जा रहे हैं.
अफीम की बजाय मेडिसिनल प्लांट्स आदि की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है. इससे लोगों की आमदनी में काफी इजाफा होगा. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जो भी लोग अफीम की खेती से जुड़े होंगे, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
189. 70 करोड़ की लागत से बना है ग्रिड सब स्टेशन और ट्रांसमिशन लाइनः
ईटखोरी, चतरा में नवनिर्मित 220 /132/ 33 केवी ग्रिड की कुल क्षमता 400 मेगावाट है, जबकि 220 केवी चतरा- लातेहार ट्रांसमिशन लाइन की कुल लंबाई 108 किलोमीटर है. इस परियोजना की कुल लागत 189. 70 करोड़ रुपए है.
इस ग्रिड सब स्टेशन और ट्रांसमिशन लाइन के चालू होने से चतरा जिले के इटखोरी, मयूरहंड, सिमरिया, गिद्धौर, हंटरगंज, कान्हाचट्टी, कुन्दा, प्रतापपुर, डाढा आदि प्रखंडों और हजारीबाग जिले के बरही अनुमंडल में बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें:पेंशन फंड का निजीकरण नहीं होने दिया जायेगाः एसोसिएशन
82 योजनाओं का उद्घाटन और 18 योजनाओं का शिलान्यासः
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की 100 योजनाओं का उद्घाटन शिलान्यास किया. इन योजनाओं की कुल लागत राशि 467.28 करोड़ रुपए है. इनमें 275.45 करोड़ रुपए की 82 योजनाओं का उद्घाटन और 91.79 करोड़ रुपए की 18 योजनाओं की आधारशिला रखी गई.
इस मौके पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया. इसके अलावा अफीम की खेती को रोकने की दिशा में चतरा जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए जा रहे अभियान के पोस्टर की लॉन्चिंग की.
इस मौके पर मंत्री सत्यानंद भोक्ता, सांसद सुनील कुमार सिंह, विधायक उमाशंकर अकेला, अम्बा प्रसाद और किशुन कुमार दास, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त कमल जॉन लकड़ा, झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के के वर्मा एवं जिले की उपायुक्त अंजली यादव तथा पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें:पिता की मौत के बाद 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म, ससुर व जेठ के बेटे पर लगाया आरोप




