
Palamu/Garhwa : गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र में गत 26 जनवरी को हुई बम विस्फोट की घटना का पुलिस ने उदभेदन कर लिया है. इस सिलसिले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. घटना का मास्टरमाइंड महुवाटिकर विद्यालय की अध्यापिका का पूर्व पति है. पूर्व पति के अलावा उसके दो दोस्तों की इस कांड में भूमिका थी.
इसे भी पढ़ेंः शानदार पहल : कचरे के बदले लोगों को चाय-कॉफी और स्नैक्स मुहैया कराते हैं इंडिया टॉपर IAS रचित राज
अध्यापिका को उड़ाकर मार देने की थी योजना
गढ़वा के पुलिस अधीक्षक अश्विनी कुमार सिन्हा ने बताया कि महुआटिकर विद्यालय की अध्यापिका के पूर्व पति लुइस जुस्पिन तिर्की ने 26 जनवरी को झंडोतोलन स्थल पर बम प्लांट किया था. लुइस अपनी पत्नी को विस्फोट कर मार देना चाहता था. लेकिन उसे इसमें कामयाबी नहीं मिली. विस्फोट तो हुआ, लेकिन किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ.
छानबीन के दौरान अपने साथियों के साथ धराया पूर्व पति
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद भंडरिया थाना में मामला दर्ज किया गया था. रंका के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में छानबीन की जा रही थी. इसी दौरान अध्यापिका के पूर्व पति सहित तीन को गिरफ्तार किया गया. उनसे पूछताछ करने पर मामले का खुलासा हुआ.
इसे भी पढ़ेंः केंद्र सरकार #SAIL में भी 5 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की तैयारी में, 1000 करोड़ जुटाने की कवायद
अध्यापिका को क्यों मारना चाहता था उसका पति?
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अध्यापिका ने लुइस को छोड़ कर दूसरी शादी कर ली थी. अक्सर अध्यापिका लुइस जस्पिन तिर्की का मजाक बनाती थी. ताना मारा करती थी. इससे लुइस परेशान रहता था. लगातार मजाक बनाये जाने पर उसने अध्यापिका की हत्या की योजना बनाई.
घटना के लिए 26 जनवरी का दिन क्यों चुना?
लुइस जस्पिन तिर्की ने 26 जनवरी का दिन जानबूझकर चुना था. लुइस ने प्लान बनाया था कि वह इस दिन विस्फोट करता है तो इसे नक्सली या उग्रवादी घटना समझी जायेगी. उसकी पूर्व पत्नी अध्यापिका है, इसलिये झंडोतोलन भी वही करेगी. कुल मिलाकर अपना काम भी हो जायेगी. और घटना का आरोप भी नक्सलियों पर लग जायेगा.
60 हजार में खरीदा गया था देसी हेंड ग्रेनेड
पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि सालो निवासी लुइस ने अपने साथी मदगड़ी के अनूप राम को 50 हजार औऱ भंडरिया के वीरेंद्र खेरवार को 10 हजार रुपये हेंड ग्रेनेड खरीदने के लिए दिए थे. लुइस जस्पिन तिर्की, अनूप राम औऱ वीरेंद्र खेरवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
इसे भी पढ़ेंः रामेश्वर उरांव के सांसद रहते शुरू हुआ अस्पताल का निर्माण अब भी अधूरा, सीएम ने दिये जांच के निर्देश




