
Ranchi: रांची सांसद संजय सेठ ने जिला प्रशासन, सामाजिक संगठनों और लोगों से रांची में 2-3 मार्च को होने वाली जी-20 की बैठक को एक ऐतिहासिक पल बताया है. अपील करते कहा है कि रांची की दुनियाभर में और बेहतर छवि बने, इसके लिए 1-3 मार्च तक स्वागतोत्सव मनाएं. पीएम नरेंद्र मोदीजी के कारण देश को और रांची को एक शानदार अवसर मिला है, इसे गंवाना नहीं है. भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची में शनिवार को रंगोली कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि जी-20 के प्रतिनिधि उनके लोकसभा क्षेत्र में आएंगे. यह रांची का सौभाग्य है कि इस अंतरराष्ट्रीय बैठक से जुड़े जनप्रतिनिधियों की मेजबानी का अवसर मिला है. इससे पूर्व रंगोली कार्यक्रम में सांसद ने खुद भी बढ़ चढ़कर रंगोली निर्माण में एसएचजी और अन्य संगठनों की महिलाओं के साथ भागीदारी की.
जी-20 सुनहरा अवसर
सांसद श्री सेठ के मुताबिक पिछले एक पखवाड़े से रांची में जी-20 की बैठक को लेकर लगातार तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. इस बैठक में अलग अलग देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं. ऐसे में यह एक मौका है जब रांची की एक अच्छी छवि का निर्माण करने में हम सब मिलकर योगदान दें. यहां का मौसम, पर्यटन और बहुत कुछ आकर्षक है. यह प्राकृतिक सौंदर्य से भरा पूरा इलाका है. वाटरफॉल्स, डैम, तालाब हैं जो लुभाते हैं. लोगों को चाहिये कि दुनियाभर में रांची को लेकर एक सकारात्मक मैसेज जाए. इसी क्रम में रांची है तैयार, भारत है तैयार की थीम पर सब मिलकर काम करें. सांसद के मुताबिक 1-3 मार्च के दौरान पूरी रांची सुंदर, आकर्षक दिखे, इसमें सबों का योगदान चाहिये. हर चौक चौराहे पर दीये जलाए जाने का प्रयास है. प्रशासन से आग्रह है कि 2-3 को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, ध्वनि प्रदूषण और अन्य पहलुओं पर ध्यान दे. रांची एयरपोर्ट पर जोहार का लोगो बनाए जाने के अलावा रांची औऱ हटिया रेलवे स्टेशन, फिरायालाल चौक सहित अन्य जगहों पर भी रंगोली के जरिये सजावट की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: ED कस्टडी में वीरेंद्र राम अंदर, गांवों में बनने वाली सड़कों, पुल-पुलियों के कैंसिल होने लगे टेंडर




