
New Delhi: जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाए जाने के करीब दो साल बाद आज पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के आठ राजनीतिक दलों के 14 नेताओं के साथ बैठक को लेकर दिल्ली से लेकर इस्लामाबाद तक में हलचल है. प्रधानमंत्री मोदी के साथ कश्मीरी नेताओं की बैठक में आज दोपहर 3 बजे से शुरू होगी.
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक से पहले नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि बैठक का कोई एजेंडा नहीं है, हम अपनी बात रखेंगे और पीएम और गृहमंत्री से बात करेंगे, ताकि रियासत में शांति आए. फारूक ने कहा कि हमारे चाहने का सवाल नहीं है, चाहते तो हम आसमान हैं. पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती के पाकिस्तान को बातचीत में शामिल करने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि वो अपने वतन की बात करते हैं और पाकिस्तान वगैरह की बात नहीं करते.
इसे भी पढ़ें :लोजपा के बाद बिहार कांग्रेस में भी फूट की अटकलें,हटाये जा सकते हैं प्रदेश अध्यक्ष
कश्मीरी नेताओं के साथ होने वाली बैठक से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री आवास पर पहुंचकर मोदी के साथ अहम बैठक की. इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के भाजपा नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा संग भी अलग से बैठक की. ये बैठक करीब 40 मिनट तक चली.
दूसरी तरफ महबूबा के पाकिस्तान से बातचीत वाले बयान पर बवाल शुरू हो गया है. जम्मू में डोगरा फ्रंट ने उनके खिलाफ प्रदर्शन की खबर है.उनका कहना है कि महबूबा को ऐसा बयान नहीं देना चाहिए. वे राज्य में अशांति फैला रही हैं. इसके लिए उन्हें जेल की सलाखों के पीछे डाल देना चाहिए.
इसे भी पढ़ें : जॉब अलर्ट: बिहार में सवा लाख शिक्षकों की बहाली, काउंसिलिंग की तारीख जारी




