Deoghar

बाबा नगरी में शिव बारात निकालने की परंपरा की शुरुआत कब और कैसे हुई, बताया पूर्व राज्यसभा सांसद जेपीएन सिंह ने

Deoghar: यह सुखद संयोग है कि महाशिवरात्रि के मौके पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी में निकलने वाला शिव बारात 28 वें वर्ष में प्रवेश कर गया है. लेकिन यह बहुत कम लोगों को ही मालूम होगा कि बाबा बैद्यनाथ की नगरी में निकाले जाने वाले शिव बारात की प्रेरणा बाबा बासुकीनाथ की कृपा से मिली है. देवघर में शिव बारात आयोजन समिति के प्रथम अध्यक्ष रहे तत्कालीन भाजपा जिला अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद जेपीएन सिंह बताते हैं कि बाबा बासुकीनाथ की कृपा से मेरे मन में यह विचार आया कि देवघर में भी शिव बारात का भव्य आयोजन होना चाहिए. इसके बाद मैंने जिला अध्यक्ष होने के नाते अपने संगठन में इस बात को रखा. पहली बार 5-6 हजार के मामूली खर्च पर 1994 में शहर के आर मित्रा प्लस टू विद्यालय परिसर से पहला शिव बारात निकला गया था. केवल ढोल, ठेला रिक्शा का खर्च वहन करना पड़ा था. साथ शिव भक्तों के सहयोग से निःशुल्क प्राप्त दुध से खीर का महाप्रसाद शिव बारातियों के बीच वितरित किया गया था. व्यापक प्रचार प्रसार के कारण अनुमान से अधिक शिव बारातियों के पहुंचने के कारण महाप्रसाद वितरण के लिए दोना कम पड़ गया था. पहली बार शिव बारात पेट्रोल में रिक्शा ठेला आदि के माध्यम से बिना किसी चंदा सहयोग के निकाला गया था. लेकिन दूसरे साल से ही सभी लोग बाबा बैद्यनाथ की भक्ति में अपनी निःशुल्क सेवा देने लगे. पहली बार शिव बारात निकाले जाने में ताराचंद जैन, कमलेश तुलसियान के पिता, उमाकांत नरौने  सहित शहर के कई गणमान्य लोगों ने सहयोग किया था. पहली बार शिव बारात आयोजन समिति द्वारा जिला प्रशासन से ऊंट, घोड़ा व हाथी आदि जानवरों को लाने की अनुमति मांगी तो जिला प्रशासन शिव बारात आयोजन को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अनुमति देने में आनाकानी करने लगा. उस वक्त तत्कालीन डीसी अविनाश कुमार व एसपी रहे कमल नयन चौबे ने सुरक्षा कारणों से ऐसा करने से मना किया था. जिला प्रशासन के निर्देशानुसार पहली बार शिव बारात का आयोजन किया गया था. शिव बारातियों को बाबा का महाप्रसाद फिर भी लकड़ी व कोयले के सहारे बनाया जाता था. बावजूद इसके इसी प्रकार की परेशानी का अनुभव नहीं होता था और बाबा बैद्यनाथ की कृपा से शिव बारात सफलता पूर्वक गुजरता चला गया. भोले बाबा के विवाहोत्सव के मौके पर बाबा नगरी आपार जनसमूह को साक्षात बाबा बैद्यनाथ ही कंट्रोल करते हैं. शिव बारात आयोजन समिति के प्रथम अध्यक्ष रहे जेपीएन सिंह का मानना है कि कोई काम करने में प्रारंभ में कठिनाई होती है, लेकिन वह धीरे-धीरे दूर हो जाता है. यही कारण है कि बाबा बासुकीनाथ की प्रेरणा से मिली देवघर में शिव बारात निकालने की प्रेरणा की भव्यता दिनों दिन बढ़ती चली गई.

इसे भी पढ़ें: कृषि उपज व विपणन विधेयक का विरोध: पंद्रह फरवरी से खाद्यान्न, फल, सब्जी की दुकानें बंद रखने की घोषणा

Related Articles

Back to top button