
Ranchi : पलामू निवासी पूर्व विधायक राधाकृष्ण किशोर एक बार फिर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं. मंगलवार की शाम प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री रामेश्वर उरांव और बन्ना गुप्ता की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ली. राधा कृष्ण किशोर की अचानक कांग्रेस में वापसी हुई है. राधाकृष्ण किशोर कांग्रेस की ओर से छतरपुर सुरक्षित विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाए जा सकते हैं. यहां से वह कई बार चुनाव जीत चुके हैं. छतरपुर अभी राजद के पास है. लेकिन समझा जा रहा है कि राजद ने छतरपुर से अपनी दावेदारी छोड़ दी है. छतरपुर के बदले कांग्रेस बिश्रामपुर सीट राजद को देने को तैयार हो गई है. इसी अदला बदली की सूचना के बाद राधाकृष्ण किशोर ने कांग्रेस नेताओं से संपर्क किया और जल्दबाजी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली.
राजद बिश्रामपुर सीट के लिए कई दिनों से अड़ा हुआ है. राजद नरेश सिंह के लिए यह सीट की मांग कर रहा है. नरेश सिंह यहां से उम्मीदवार हो सकते हैं.
2019 के चुनाव में विश्रामपुर कांग्रेस के खाते में थी. राष्ट्रीय जनता दल के दबाव में कांग्रेस ने विश्रामपुर सीट छोड़ने का फैसला लिया है. लेकिन उसके बदले राजद से छतरपुर की सीट हथिया ली. राजद के पास छतरपुर में कोई दमदार उम्मीदवार नहीं था. इसलिए उसने आसानी से सीटों की अदला बदली कर ली.
राधा कृष्ण किशोर कई दलों से होते हुए एक बार फिर कांग्रेस में शामिल हो गए . 2019 में भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद वह आजसू के टिकट पर यहां से चुनाव लड़े थे. राजद ने विजय राम को उम्मीदवार बनाया था. लेकिन वह भाजपा उम्मीदवार से हार गए थे.
राधाकृष्ण के आने से कांग्रेस को नयी ऊर्जा: कमलेश
झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में आयोजित मिलन समारोह में पूर्व मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की. श्री किशोर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल नेता डॉ रामेश्वर उरांव, प्रदेश कांग्रेस के वरीय कोऑर्डिनेटर मोहन मार्क्रम ने कांग्रेस का गमछा पहनाकर सदस्यता दिलाई.
इस अवसर पर कमलेश ने कहा कि श्री किशोर के कांग्रेस में आने से झारखंड में कांग्रेस को निश्चित रूप से नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी. विधायिका के अपने कार्यकाल के दौरान इन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन बखूबी किया. अपने क्षेत्र के विकास के लिए यह सतत पर्यत्नशील रहे. लंबे राजनीतिक जीवन में इन्होंने हमेशा जनता के हितों के बारे में चिंता जाहिर की तथा झारखंड की आर्थिक समृद्धि के बारे में चिंतित रहे. मौके पर डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि राधा कृष्ण किशोर आर्थिक मामलों के अच्छे जानकार हैं. क्षेत्र के विकास के लिए विशेष रूप से हमेशा वित्तीय प्रबंधन की सिफारिश किया करते थे. विगत चार दशक से व्यक्तिगत और राजनीतिक रूप से किशोरजी के साथ आर्थिक और राजनीतिक मसलों पर विमर्श होता रहा. इन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के कई कार्य किया तथा उग्रवाद प्रभावित छतरपुर विधानसभा को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया.
राजनीतिक कारणों से हुआ था कांग्रेस से दूर: राधाकृष्ण
सदस्यता ग्रहण करने के पश्चात श्री किशोर ने कहा कि राजनीतिक परिस्थितियों के कारण मुझे कांग्रेस से दूर होना पड़ा था लेकिन वे जहां भी रहे, कांग्रेस की नीतियों, सिद्धांतों से बंधे रहे. अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने इंदिराजी को अपना आदर्श माना था और आज भी कांग्रेस के साथ उनका अटूट रिश्ता है. आने वाले विधानसभा चुनाव में सिर्फ छतरपुर विधानसभा ही नहीं पूरे पलामू प्रमंडल और राज्य स्तर पर महागठबंधन और कांग्रेस की मजबूती दिखेगी.मिलन समारोह के पश्चात कांग्रेस द्वारा घोषित उम्मीदवारों को पार्टी का सिंबल प्रदान किया गया.



