
Ranchi : कोरोना की चुनौतियों से निपटने को लेकर राज्य के 19 जिलों में पीएम केयर फंड का उपयोग किया गया है. केंद्र से मिले इस फंड से इन चयनित जिलों में 27 जगहों पर पीएसए प्लांट लगाये गये हैं. इससे कोरोना संक्रमितों और अन्य रोगियों को अस्पतालों में लगातार ऑक्सीजन की सुविधा मिल सकेगी. सीएम हेमंत सोरेन बुधवार को राज्य स्तरीय कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ करेंगे. इसमें पीएसए प्लांट का उद्घाटन कार्यक्रम भी शामिल है. प्रोग्राम में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता सहित रांची सांसद संजय सेठ, कांके विधायक समरी लाल को भी आमंत्रित किया गया है, पर भाजपा ने इस कार्यक्रम का बायकाट करने का फैसला किया है. संजय सेठ ने इसे केंद्र सरकार का अपमान बताते हुए इसमें शामिल होने से इंकार कर दिया है.
इसे भी पढ़ें : गिरिडीह : उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स व साइबर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर 21 लाख के साइबर ठग को किया गिरफ्तार
माल महाराज का मिर्जा खेले होली : सांसद
संजय सेठ के मुताबिक राज्य में सभी ऑक्सीजन प्लांट पीएम केयर्स फंड से बने हैं. ऐसे में सीएम के स्तर से इसका लोकार्पण किया जाना समझ से परे है. कोरोना के विरूद्ध चल रही लड़ाई को अंतिम रूप देने को इस फंड से देशभर मं पीएसए प्लांट का निर्माण हुआ. इसका लोकार्पण पीएम नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर को करने वाले हैं. झारखंड में भी इसी फंड से काम हुआ है. ऐसे में पीएम के निर्धारित प्रोग्राम में हस्तक्षेप कर सीएम के स्तर से लोकार्पण किया जाना समझ से परे है.
सीएम के इस रवैये से लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के अपमान का मसला खड़ा हो गया है. साथ ही यह पीएम का राज्य सरकार के स्तर से अपमानित किये जाने की हरकत है. ऐसे में वे इस कार्यक्रम में शरीक नहीं होंगे. एक तरफ झारखंड सरकार केंद्र से मदद नहीं मिलने की बात कहती है, दूसरी ओर केंद्र के ही संसाधनों का खुद से लोकार्पण कर रही है. माल महाराज का, मिर्जा खेले होली वाली कहावत को राज्य सरकार चरितार्थ करने पर लगी है.




