
Jamshedpur : शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला सोनारी के कागलनगर मेन रोड पर स्थित वैष्णवी ज्वेलर्स में चोरी का है. चोरों ने दुकान के छत का एसबेस्टस काटकर एक छोटे से छेद से बीती रात चोरी की घटना को अंजाम दिया. घटना की जानकारी दुकानदार को तब मिली जब उसने सुबह दुकान खोली. दुकानदार ने पाया कि दुकान में पहले से ज्यादा लाइट आ रही है. इससे दुकानदार को शक हुआ छत पर जाने पर पाया कि एसबेस्टस कटा हुआ है. जांच में पाया गया कि दुकान में रखे बिछिया, अंगूठी समेत अन्य जेवरात गायब हैं. इनकी कीमत हजारों में आंकी जा रही है. हालांकि चोरों ने दुकान की तिजोरी पर हाथ साफ किया कि नहीं, यह अभी जांच का विषय है. सूचना मिलने पर ज्वेलरी दुकान पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. दुकान में सीसीटीवी कैमरा भी लगा हुआ है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है. ताकि घटना का खुलासा किया जा सके. बता दें कि जिस जगह चोरी की घटना हुई है उसके पास ही पुलिस चेकपोस्ट भी है. साथ ही वहां पुलिस की गश्ती भी बराबर होती है. बावजूद इसके चोरों ने जिस तरह से घटना को अंजाम दिया उससे दुकानदार के साथ लोग हैरत में हैं.
इसे भी पढ़ें – लातेहार : महिला कर्मी के अपहरण का प्रयास, बाइक से कूदकर हुई गंभीर, रिम्स रेफर




