
Palamu : वर्ष 2019 की पहली नेशनल लोक अदालत शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पलामू के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय परिसर में लगी. मामलों के निष्पादन के लिए व्यवहार न्यायालय समेत जिले के दो अनुमंडलों को मिलाकर 10 पीठों का गठन किया गया था. इन पीठों के माध्यम से 627 वादों का निष्पादन किया गया. मामलों के निष्पादन के बाद 1 करोड़ 76 लाख 73 हजार 603 रुपये का सेटलमेंट हुआ, जबकि 67 लाख 74 हजार 869 रुपये का रियलाइजेशन हुआ.
पीठ संख्या पांच में वन और छह में रेलवे से संबंधित मामले निपटाए गये
पीठ संख्या एक पारिवारिक मामलों से संबंधित थी, जिसमें चार वादों का निष्पाद हुआ. पीठ संख्या दो में बिजली विभाग और एमएसीटी के 9 मामले निपटाये गये. पीठ संख्या चार आपराधिक मामलों से संबंधित थी, जिसमें 96 मामलों का निपटारा किया गया. पीठ संख्या पांच में वन और छह में रेलवे से संबंधित मामले निपटाए गये. वन विभाग के 11, जबकि रेलवे के तीन मामलों का निष्पादन किया गया.
पीठ संख्या सात में सबसे अधिक 224 मामलों का निपटारा किया गया. यह पीठ प्रीलिटिगेशन और बीएसएनएल से संबंधित थी. पीठ संख्या आठ में स्कूटिव वाद से संबंधित 90 मामलों का निष्पादन हुआ. हुसैनाबाद अनुमंडल कोर्ट में 107, जबकि छत्तरपुर में 83 वादों का निपटारा किया गया. पीठ संख्या तीन में एक भी वाद का निपटारा नहीं किया गया जा सका. यह पीठ सिविल वाद के लिए निर्धारित थी.
इससे पहले पलामू के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार समेत अन्य न्यायिक पदाधिकारी एवं अधिवक्ताओं ने नेशनल लोक अदालत का दीप जलाकर उद्घाटन किया. मौके पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिदानंद तिवारी, फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश बीडी तिवारी, जिला जज डी.के पाठक, आनंद प्रकाश, मनीष रंजन समेत कई न्यायिक पदाधिकारी,अधिवक्ता,न्यायालय कर्मी, मामले से संबंधित पक्षकार उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : 4.66 करोड़ की लागत से रांची रेलवे स्टेशन पर लगेंगे चार नये एस्केलेटर, सांसद ने किया शिलान्यास




