
Dhanbad : जिले के झरिया थाना क्षेत्र के ऐना कोलियरी निवासी नेपाली मोदक के घर में शुक्रवार रात गैस सिलेंडर में आग लग गयी. हांलाकि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है. उल्लेखनीय है कि नेपाली ने 15 दिन पहले भागा स्थित विनोद गैस एजेंसी से गैस कनेक्शन सहित चूल्हा लिया था. शुक्रवार रात नेपाली की पत्नी चन्दना मोदक ने जैसे ही खाना बनाने के लिए गैस चूल्हे को जलाया तो पहले से लीक गैस सिलेंडर मे आग धधक पड़ी और देखते ही देखते आग ने भयावह रूप धारण कर लिया. शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाले भाजयुमो प्रदेश कार्य समिति सदस्य अभिषेक सिंह सहित आस-पास के स्थानीय युवक घटनास्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे. उन्होंने आग लगे सिलेंडर पर बालू और पानी फेंकना शुरू कर दिया, लेकिन तबतक आग काफी बढ़ चुकी थी.
लोगों ने बीसीसीएल कुसुंडा क्षेत्र दमकल विभाग को इस घटना की सूचना दी जिस पर त्वरित कार्यवाई करते हुए विभाग ने मौके पर दमकल की गाड़ी भेजी. आधे घंटे के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया. और गैस सिलेंडर को घर से बाहर निकाला गया. आग लगने कि घटना से डरे सहमे नेपाली मोदक एवं उनकी पत्नी चन्दना मोदक ने कहा कि घटना से घर के सभी लोग दहशत में है.




