JharkhandRanchi

फल विक्रेता पर एफआइआर:  भाजपा ने राज्यपाल को लिखा पत्र, कहा- सरकार को तुष्टिकरण से बचने का दें निर्देश

Ranchi : प्रदेश भाजपा ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर राज्य सरकार को भेदभावपूर्ण और तुष्टिकरण के निर्णय से बचने का निर्देश देने का आग्रह किया है. साथ ही जमशेदपुर में एक फल विक्रेता राजकुमार को सरकार द्वारा समुचित सुरक्षा मुहैया कराये जाने की भी अपील की है.

भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने गवर्नर को लिखे पत्र में वैसे पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई करने का भी अनुरोध किया है जिन्होंने फल विक्रेता के खिलाफ अनावश्यक एफआइआर दर्ज करने का निर्देश दिया था.

इसे भी पढ़ें : #Jharkhand: राज्य के 35 आइपीएस का तबादला रांची रेंज के डीआइजी बने अखिलेश झा

कोरोना आपदा में तुष्टिकरण की राजनीति

प्रदेश भाजपा के अनुसार कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के बीच भी हेमंत सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है. 25 अप्रैल को जमशेदपुर के कदमा में एक फल विक्रेता राजकुमार के खिलाफ उच्चस्तरीय निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था.

इसका कारण था कि उसने अपने फल के ठेले पर हिन्दू फल दुकान का बैनर लगा रखा था. इस मुद्दे पर विरोध के बाद उसके खिलाफ केस वापस लिये गये हैं परंतु उस फल विक्रेता को फ़ोन पर जान से मारने की धमकी मिल रही है. उसे विदेशों से भी धमकी भरे कॉल और मैसेज आ रहे हैं.

इसे भी पढ़ें : #Lockdown : CRPF के जवानों ने पूरे हिंदपीढ़ी इलाके में फ्लैग मार्च कर वहां की पूरी सुरक्षा संभाली

सिसई में आदिवासी युवक की हत्या की नहीं हुई है जांच

भाजपा के अनुसार विगत दिनों सिसई, गुमला में भीड़ द्वारा आदिवासी परिवार पर घातक हमला हुआ. इस घटना में एक की हत्या भी हुई परंतु आज तक इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

यहां तक कि घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाने वाले एसपी को ही स्थानांतरित कर दिया गया. लोहरदगा में सीएए के समर्थन रैली पर हुए हमले और बाद में पुलिस विशेष शाखा की रिपोर्ट में रोहिंग्या लोगों की संलिप्तता की रिपोर्ट जारी की गयी थी.

रिपोर्ट पर राज्यहित की बजाय तुष्टिकरण हावी हो गया. गंभीरता दिखाने के बदले सरकार ने डीएसपी का ही स्थानांतरण कर दिया. विगत दिनों देवघर बाबा मंदिर के पास तीन अवैध पासपोर्ट के साथ एक संदिग्ध बंगलादेशी पकड़ा गया परंतु सरकार ने इस खबर को छिपाने का प्रयास किया है.

कोरोना वारियर्स को अपमानित करनेवालों पर नहीं हुई कार्रवाई

गवर्नर को लिखे पत्र में भाजपा ने यह भी आरोप लगाया है कि अल्पसंख्यक समुदाय विशेष के विभिन्न धार्मिक स्थलों से पकड़े गये विदेशियों की गिरफ्तारी और उन्हें कोरेन्टीन करने के मामले में सरकार ने सजगता नहीं दिखायी.

रांची के हिन्दपीढ़ी जैसे हॉटस्पॉट में लॉक्ड डाउन उल्लंघन पर कार्रवाई किये जाने और मृतक को दफ़नाने के मामले में भी सरकार गंभीरता नहीं दिखला सकी. कोरोना योद्धाओं को अपमानित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई किये जाने के मसले पर राज्य सरकार के निर्णय भेदभावपूर्ण और तुष्टिकरण पर आधारित हैं.

इसे भी पढ़ें : #Lockdown : डीजीपी एमवी राव की पहल- 100 नंबर डायल के जरिये घरों में अकेले रहनेवाले बुजुर्गों को दवा व जरूरत पड़ने पर अस्पतालों तक पहुंचाया जायेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button