National

प. बंगाल राशन घोटाले में ईडी ने दर्ज किया नया केस, शाहजहां शेख और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी

West Bengal: पश्चिम बंगाल राशन घोटाले के आरोपी शाहजहां शेख की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. प्रवर्तन निदेशालय ने राशन घोटाले के आरोपी शाहजहां शेख और अन्य के खिलाफ नया केस दर्ज किया है.

ईडी ने जमीन कब्जाने से जुड़े मामले में मनी लांड्रिंग का केस दर्ज किया है. ईडी के अधिकारी शाहजहां शेख और उससे जुड़े लोगों के यहां छापेमारी कर रहे हैं, 6 से ज्यादा लोकेशन पर छापेमारी की गई है.

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के फरार नेता शाहजहां शेख अब तक ईडी के सामने पेश नहीं हुए. उन्हें कई करोड़ रुपये के राशन घोटाले के सिलसिले में तीसरा समन जारी किया गया था.

एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. ईडी के अधिकारी सॉल्ट लेक के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में स्थित अपने दफ्तर में सवालों की सूची के साथ टीएमसी नेता का इंतजार कर रहे, लेकिन वह नहीं पहुंचे.

ईडी ने करोड़ों रुपये के राशन घोटाले में कथित संलिप्तता को लेकर टीएमसी नेता को समन जारी किया था. ईडी के सूत्रों ने तभी कहा था कि अगर टीएमसी नेता समन का जवाब नहीं देते हैं, तो वे कानूनी रास्ते तलाश सकते हैं.

एजेंसी ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था. ईडी ने घोटाले के सिलसिले में तलाशी अभियान के बाद 24 जनवरी को शाहजहां के आवास को सील कर दिया था.

बता दें कि पांच जनवरी को ईडी अधिकारियों की एक टीम पर भीड़ ने तब हमला कर दिया गया था जब उन्होंने संदेशखाली में टीएमसी नेता के आवास में प्रवेश करने की कोशिश की थी. हमले में ईडी के तीन अधिकारी घायल हो गए थे.

 

 

 

Related Articles

Back to top button