
Uday Chandra
New Delhi: सरकार और किसान संगठनों के बीच सातवें दौर की बैठक में दो मुद्दों पर सहमति बन गई है. अब 4 जनवरी को अगले दौर की बैठक होगी. करीब पांच घंटे तक चली बैठक बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई. बैठक के बाद किसान नेताओं ने भी सातवें दौर की वार्ता पर संतोष व्यक्त किया.
बैठक के बाद कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि पर्यावरण से जुड़े अध्यादेश में किसानों को हटाने पर सहमति बनी है. नये बिजली कानून में भी किसानों को राहत देने पर सरकार सहमत हो गई है. हालांकि, उन्होंने आज फिर साफ किया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य जारी रहेगी.
सरकार की तरफ से केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के साथ रेलवे, वाणिज्य और खाद्य मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य राज्य मंत्री सोमप्रकाश भी थे. विज्ञान भवन में आयोजित इस बैठक में 41 किसान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए.
किसान नेता राकेश टिकैत ने भी आज की बैठक को संतोषजनक बताया. बैठक के बाद उन्होंने कहा कि अब दो मुद्दों पर सहमति होनी बाकी रह गई है. उन दोनों मुद्दों पर भी चार जनवरी को बात होगी और कोई रास्ता निकल जाने की उम्मीद है. हालांकि उन्होंने साफ कहा कि किसानों का शांतिपूर्ण धरना अभी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि सरकार लाइन पर दिख रही है और हम आज की बातचीत से खुश हैं.
बैठक में सरकार ने तीनों कृषि कानूनों से जुड़ी मांगों और मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक समिति बनाने का प्रस्ताव रखा है.
किसानों के साथ लाइन मे लग कर भोजन
विज्ञान भवन में बैठक बीच मोदी सरकार के मंत्रियों ने किसानों के साथ लंगर खाया. इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पीयूष गोयल भी प्लेट लेकर लाइन में खड़े दिखे. माना जा रहा है कि सरकार के मंत्रियों ने किसानों के संग भोजन कर माहौल को सद्भावपूर्ण बनाने की कोशिश की.




