
Dhanbad: भारत बायोटेक की स्वदेशी वैक्सीन को लेकर कुछ राजनेता अपनी राजनीति कर रहे हैं तो कई लोग इससे लेने में डर भी रहे हैं.
जब वैक्सीन की मानव ट्रायल को लेकर बात आयी तो कई लोगों ने ट्रायल के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया तो कई लोग डर भी रहे थे. लेकिन झरिया के भगतडीह एना कोलियरी के समीप रहने वाले सभी तीन भाई समेत 5 युवकों ने वैक्सीन ट्रायल में हिस्सा लेकर एक मिसाल कायम की है.
अभिषेक सिंह, अविनाश सिंह, आलोक सिंह तीन भाई है और अनिकेत और दीपक पड़ोस के ही रहने वाले है जिन्होंने एक साथ पटना एम्स में वैक्सीन को लेकर ट्रायल दिया. इनको कोरोना सहित सारी जांच करने के बाद वैक्सीन का डोज दिया गया था और फिर 28 दिन के बाद दोबारा दूसरा डोज दिया जायेगा.
अभिषेक सिंह ने बताया कि जब सरकार द्वारा वैक्सीन ट्रायल को लेकर आगे आने की बात की गई तो हमने सोचा देश सेवा का एक अच्छा अवसर है जिसे लेकर हम लोग तीनों भाई समेत पांच लोग गए और वैक्सीन ट्राइल में हिस्सा लिया.
कहा कि वैक्सीन लेने के 6 दिन हो गए लेकिन कोई साइड इफेक्ट या सेहत पर कुछ प्रभाव नहीं हुआ है इसलिए वैक्सीन पर देश को और देश के लोगों को पूरा विश्वास करना चाहिए और वैक्सीन को लेने में कोई डर नहीं होना चाहिए.
कहा कि ट्रायल में जाते समय हमारे माता पिता ने भी हमारी हिम्मत बढ़ाई जिससे हमें हौसला मिला इसलिए देशी वैक्सीन पर हमें गर्व होना चाहिए.
बता दें कि देश में सीएम इंस्टिट्यूट की वैक्सीन ‘कोविशील्ड’ और भारत बायोटेक की वैक्सीन ‘कोवैक्सीन’ को डीसीजीआई ने मंजूरी दे दी है. वैक्सीन का इनविटेशन ट्रायल हो रहा है और कुछ ही दिन में वैक्सीन का इमरजेंसी इस्तेमाल शुरू हो जाएगा.




