
Ranchi: राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि सभी को पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझना चाहिए. पर्यावरण दिवस पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता व प्रतिबद्धता को व्यक्त करने का अवसर है. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रत्येक व्यक्ति को महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करना है. लोगों को स्वयं के साथ अन्य को भी पर्यावरण के महत्व के संदर्भ में अवगत कराना चाहिए. उन्होंने कहा कि लोग प्लास्टिक का उपयोग कर रहे हैं, उसे कहीं भी फेंक देते हैं, नदियाँ प्रदूषित हो रही हैं. उन्होंने लोगों से प्लास्टिक को अपने व्यवहार में न अपनाने की अपील की. साथ ही स्वच्छता की दिशा में ध्यान देने हेतु कहा.
इसे भी पढ़ें: विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर रांची स्मार्ट सिटी में लगाए गए 100 से ज्यादा चंपा फूल के पौधे
इसे भी पढ़ें: विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर रांची स्मार्ट सिटी में लगाए गए 100 से ज्यादा चंपा फूल के पौधे

राज्यपाल आज राजभवन में ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के अवसर पर राज भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उक्त अवसर पर राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ० नितिन कुलकर्णी, कुलपति, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय डॉ ओएन सिंह समेत बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के अधिकारीगण एवं एनएसएस के स्वयंसेवकगण उपस्थित थे. राज्यपाल ने कहा कि झारखण्ड राज्य का वृक्षों से विशिष्ट संबंध रहा है. यहाँ हर्षोल्लास के साथ सरहुल पर्व मानाया जाता है जिसमें वृक्ष की पूजा की जाती है. उन्होंने एनएसएस के स्वयंसेवकों से कहा कि आज आप सभी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण करें एवं उसके संवर्द्धन की दिशा में ध्यान दें. उन्होंने एनएसएस के स्वयंसेवकों से कहा कि आप लोग ग्रामों में भी जाकर कार्यक्रम का आयोजन करें तथा ग्रामीणों से संवाद करें.

उक्त अवसर पर एनएसएस के स्वयंसेवक दिवाकर आनन्द, फलक फ़ातिमा एवं आस्था दीप ने माननीय राज्यपाल के समक्ष विचार प्रकट करते हुए वृक्षारोपण के संदर्भ में अपने अनुभव प्रकट किए. राज्यपाल ने राज भवन में वृक्षारोपण के क्षेत्र में अच्छे कार्य करने वाले व विचार प्रकट करने वाले एनएसएस के स्वयंसेवकों को सम्मानित किया. स्वागत भाषण कुलपति, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय डॉ ओएन सिंह ने कहा कि बिरसा कृषि विश्वविद्यालय पर्यावरण संरक्षण के प्रति सचेष्ट हैं. इससे पूर्व विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राज्यपाल द्वारा राज भवन में वृक्षारोपण किया गया. विदित हो कि राज भवन में आज कुल 50 से अधिक पौधे लगाये गए.




