
Ranchi: राज्य के स्टूडेंट्स के लिए एक अच्छी खबर है. बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों की जांच को लेकर केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ने देश के सभी राज्यों से अपील की है. उन्होंने अपनी अपील में कहा है कि राज्य अपने-अपने बोर्ड की परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू करें.
उनकी इस अपील के बाद झारखंड में भी उत्तर पुस्तिकओं के मूल्यांकन की उम्मीद जगी है. उन्होंने न केवल विभिन्न राज्यों को अपने-अपने स्टेट बोर्ड की परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू करने की बात कही बल्कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) को भी इस बाबत प्रक्रिया शुरू करने को कहा है. उन्होंने सीबीएसई से कहा है कि वह राज्यों में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन प्रक्रिया की सुविधा प्रदान करे.
इसे भी पढ़ें – देश में कोविड-19 के मामले दोगुने होने की दर अब 10.2 दिन है : स्वास्थ्य मंत्रालय
बची परीक्षाएं लॉकडाउन खुलने के बाद
गौरतलब है कि केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल देश के बच्चों और अभिभावकों से लाइव बातचीत कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कई और महत्वपूर्ण बातें साझा कीं. उस लाइव बातचीत के क्रम में उन्होंने यह भी कहा था कि बोर्ड की बची हुई परीक्षाएं लॉकडाउन खत्म होने के फौरन बाद करायी जायेंगी.
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को लॉकडाउन के दौरान पढ़ाई बाधित न हो इसके लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की सलाह भी दी. साथ ही उनका कहना था कि विद्यार्थियों को लॉकडाउन के दौरान मिलने वाले वक्त का सदुपयोग करना चाहिए.
झारखंड में कॉपियों के मूल्यांकन की बात करें तो जैक की ओर से दो शिफ्ट में मूल्यांकन कार्य करने की तैयारी चल रही है. यह मूल्यांकन कार्य सुबह नौ से शाम सात बजे तक किया जायेगा. मूल्यांकन कार्य के लिए जो तैयारी चल रही है उसके मुताबिक अब एक शिक्षक को कम से कम 60 कॉपियां जांचनी होंगी. ये 60 कॉपियां दो शिफ्ट में जांचनी होंगी. वहीं सेंटर्स पर शिक्षकों के स्वास्थ्य का ख्याल रखते हुए कई तरह की तैयारियां की जायेंगी. मूल्यांकन केंद्र पर परीक्षकों के बैठने की जगह की हर दिन साफ-सफाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें – कोरोना के सभी मामलों को हिंदपीढ़ी से जोड़ना ठीक नहीं, संदिग्धों की ज्यादा जांच से बढ़ रहे केस : रांची डीसी



