
Ranchi : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य में विद्युतीकरण कार्य कर रही कंपनियों के काम की समीक्षा बुधवार को झारखंड मंत्रालय में की. अपने लक्ष्य से पीछे कंपनियों को काम में तेजी लाने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि दिसंबर 2018 तक पूरे राज्य के घर-घर बिजली पहुंचाने का काम पूरा करना है. इसी क्रम में रांची शहर में काम कर रही पॉलीकैब वायर्स की प्रगति पर नाराजगी जतायी. उन्होंने कहा कि राजधानी की जनता काफी परेशान हो रही है. जितनी जल्दी हो बिजली का काम पूर्ण करें. कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि अक्टूबर तक रांची के छह में से तीन डिवीजन का काम पूरा हो जायेगा. नवंबर तक रांची में बिजली की स्थिति सामान्य हो जायेगी. मुख्यमंत्री ने पेस पावर के अधिकारियों से भी काम में सुधार लाने को कहा. उन्होंने कहा कि जिन जिलों में काम समाप्त हो गया है या कम काम बचा है, वहां से मैनपावर मंगाकर काम में तेजी लायें. अक्टूबर तक कम से कम पांच जिलों में घर-घर बिजली पहुंचाने का काम पूरा हो जाये. जहां थोड़ा-थोड़ा काम बाकी है, वहां काम पूरा करते चले जायें. शहर में भी जहां अंडरग्राउंड केबिलंग का काम हो गया है, वहां लाइन चालू कर दें.
इसे भी पढ़ें- रविवार को सवा दो घंटे रांची में रहेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
ये थे मौजूद
बैठक में ऊर्जा विभाग के सचिव नितिन मदन कुलकर्णी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार बर्णवाल, प्रबंध निदेशक राहुल पुरवार समेत विभाग के वरीय अधिकारी और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.




