Ranchi

बिजली बोर्ड के अधिकारी कर रहे हैं इलेक्ट्रिक कार की सवारी

Ranchi: झारखंड सरकार ने झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड और इससे संबद्ध सभी इकाईयों के अधिकारियों को इलेक्ट्रिक कार उपलब्ध करा दिया है. ईईएसएल के मार्के की टाटा टिगोर कार में उप महाप्रबंधक, महाप्रबंधक, एरिया बोर्ड के जीएम और अन्य अधिकारी घूम रहे हैं. ऊर्जा विभाग की तरफ से इलेक्ट्रिक कार खरीदी गयी है. इसके लिए जेयूवीएनएल मुख्यालय, सभी संबंधित एरिया बोर्ड के महाप्रबंधक कार्यालयों में चार्जिंग प्वाइंट भी लगाया गया है. जानकारी के अनुसार सरकार ने 65 कारें खरीदी हैं.

  • एक बार चार्जिंग पर चलती है 80 किलोमीटर, 20 किमी रिजर्व तक चलने की सुविधा
  • जेयूवीएनएल, जेबीवीएनएल, जेयूएसएनएल और जेयूयूएनएल के अधिकारियों के लिए खरीदी गयी है कार

छह से आठ घंटे तक चार्ज होती है कार

ईईएसएल की इलेक्ट्रा कार की चार्जिंग प्रति दिन छह से आठ घंटे तक करना जरूरी है. एक बार चार्ज होने पर इलेक्ट्रा कार 100 से 120 किलोमीटर तक की दूरी तय करती है. एक ही बार में 80 किलोमीटर तक की दूरी बिना रुके अधिकारी तय कर सकेंगे. 20 किलोमीटर तक की दूरी तय करने के लिए रिजर्व बैक अप रखा गया है. झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड मुख्यालय में ईईएसएल की तरफ से दो मेगा चार्जर और चार छोटे चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किये गये हैं. इनमें एक बार में 12 वाहनों को चार्ज किया जा सकता है.

इलेक्ट्रा कार में लगी हैं छह बैटरियां

टाटा की टिगोर इलेक्ट्रा कार में छह बैटरियां लगायी गयी हैं. इसी से कार के इंजन को स्टार्ट करने, इंडिकेटर जलाने और अन्य मशीनी चीजें संचालित की जाती हैं. सफेद रंग की टिगोर इलेक्ट्रा लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करती हैं. कार में पांच लोगों के बैठने (ड्राइवर के साथ) की सुविधा है. इसके इंजन की आवाज काफी कम है. प्रदूषण मुक्त वाहन के नाम पर ऊर्जा विभाग के अधिकारी अपने कार्यालय और सरकारी काम को इलेक्ट्रा के जरिये ही निबटा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें – NEWS WING IMPACT: गोड्डा अनाज घोटालाः मंत्री और सचिव जिले की रिपोर्ट से असहमत, कहा- फिर से एक-एक की जांच करें

Related Articles

Back to top button