
Deepak
Ranchi: झारखंड के 14 लोकसभा सीटों के लिए चार चरणों में मतदान होगा. लोकसभा चुनाव 2019 के लिए झारखंड के चतरा, लोहरदगा और पलामू में चौथे चरण के दौरान 29 अप्रैल को मतदान होगा. निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पांचवें चरण यानी छह मई को राज्य की राजधानी रांची, कोडरमा, खूंटी और हजारीबाग में मत डाले जायेंगे. छठे चरण में 12 मई को राज्य के गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर और सिंहभूम सीटों के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी की जायेगी. सातवें और अंतिम चरण के लिए राजमहल, दुमका और गोड्डा सीट के लिए वोट डाले जायेंगे.
इसे भी पढ़ेंः प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिला गैस चूल्हा फटा, बाल-बाल बची गृहिणी
आचार संहिता लागू, सीआरपीएफ बलों की होगी तैनाती
राज्य में चुनाव की तिथियों की घोषणा के बाद से आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है. राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल ख्यांग्ते ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान को लेकर सभी जिलों के जिला निर्वाची पदाधिकारियों को चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन करने को कहा गया है. उन्होंने कहा है कि इस बार राज्य के सभी 29 हजार से अधिक मतदान केंद्रों में आयोग के निर्देश के अनुरूप वीवीपैट का उपयोग भी किया जायेगा. निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती भी की जायेगी. इतना ही नहीं मोबाईल एप और अन्य के जरिये सभी सीटों के लिए और मतदान की प्रक्रिया पर नजर रखी जायेगी.




