
- राज्य की सात लोकसभा सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी चुनाव
- महागठबंधन में रांची, हजारीबाग, पलामू, लोहरदगा, चाईबासा, खूंटी और धनबाद लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में
- राज्य की राजनीति में बने रहने के लिए पार्टी के लिए अहम है यह चुनाव
- जमशेदपुर सीट जेएमएम के पाले में गया, तो डॉ अजय धनबाद सीट से लड़ सकते हैं चुनाव
- यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव, मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर और सोशल मीडिया प्रभारी मयूर शेखर झा की भी है प्रबल दावेदारी
Nitesh Ojha
Ranchi : लोकसभा चुनाव-2019 के लिए कांग्रेस ने झारखंड में महागठबंधन का एलान कर दिया है. राज्य में कुल 14 लोकसभा सीटें हैं. इन 14 में से कांग्रेस पार्टी कुल सात लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करेगी. वहीं, जेएमएम चार, झाविमो दो और राजद एक सीट पर चुनाव लड़ेगा. महागठबंधन में कांग्रेस के खाते में आयीं इन सातों सीटों में रांची, हजारीबाग, पलामू, लोहरदगा, चाईबासा, खूंटी, धनबाद लोकसभा सीटें शामिल हैं. हालांकि, इन सीटों पर पार्टी किसे प्रत्याशी बनायेगी, इसकी औपचारिक घोषणा करना अभी बाकी है.
अहम है कांग्रेस के लिए यह चुनाव
राज्य की राजनीति में बने रहने के लिए इन सात सीटों पर चुनाव लड़कर जीत दर्ज करना कांग्रेस के लिए काफी अहम है, क्योंकि 2014 में झारखंड में पार्टी का खाता भी नहीं खुला था. 14 लोकसभा सीटों में 12 सीटें अकेले भाजपा ने जीती थीं, जबकि दो सीटें जेएमएम के खाते में गयी थीं. इसे ही देखते हुए कांग्रेस ने जेएमएम के साथ समझौता किया है. कांग्रेस इन दलों से समझौता कर आदिवासी वोटों को साधकर भाजपा को घेरना चाहती है. इन सातों सीटों के प्रत्याशियों के चयन में पार्टी काफी सतर्कता बरत रही है. महागठबंधन में कांग्रेस के पाले में गयीं सात सीटों की अगर बात की जाये, तो पार्टी के कई कद्दावर नेताओं ने शीर्ष नेतृत्व के समक्ष चुनाव लड़ने की इच्छा जतायी है. इनमें कई वरिष्ठ नेताओं के अलावा युवा नेता भी शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें- लोस चुनाव की तीथियों की घोषणा के बाद 73 दिन लागू रहेगी आचार संहिता, जानिये क्या हैं नियम
जानिये सातों सीटों में से किस सीट पर कौन हो सकते हैं प्रत्याशी
- रांची लोकसभा सीट : बात सबसे पहले रांची लोकसभा सीट की. इस सीट पर अब तक हुए चुनावों में कांग्रेस-भाजपा की सीधी टक्कर होती रही है. इस सीट पर चुनाव लड़ने के लिए दो उम्मीदवारों की दावेदारी है. इसमें पहला नाम पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और दूसरा रांची से विधायक रह चुके जयप्रकाश गुप्ता का नाम शामिल है. सुबोधकांत इस बार भी पार्टी के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं. वर्ष 2004 और 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कुर्मी बहुल इस सीट पर भाजपा के वर्तमान सांसद और कुर्मी जाति के कद्दावर नेता रामटहल चौधरी को हराया था. हालांकि, पिछले दो चुनावों (2004-2009) में उनका चुनाव जीतने का अंतर काफी कम था. दूसरी तरफ प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार से भी उनकी बढ़ती दूरियां कई बार मीडिया में आती रही हैं. ऐसे में पार्टी के अगले उम्मीदवार के रूप में जयप्रकाश गुप्ता का नाम लिया जा रहा है. वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक होने के अलावा ओबीसी जाति से आते हैं. कुछ दिनों पहले से उनकी सक्रियता रांची महानगर कांग्रेस के प्रखंड स्तरीय सम्मेलन में काफी बढ़ी है. परिवर्तन उलगुलान रैली के दौरान उन्होंने भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मंच पर जोरदार भाषण दिया था.
- लोहरदगा लोकसभा सीट : लोहरदगा लोकसभा सीट पर इस बार कांग्रेस के स्थानीय विधायक सुखदेव भगत का नाम उम्मीदवारों की लिस्ट में सबसे ऊपर है. जिस तरह से लोहरदगा विधानसभा उपचुनाव में उन्होंने भाजपा समर्थित आजूसी प्रत्याशी नीरू शांति भगत को 23 हजार 288 वोटों से हराया था, उससे पार्टी में उनका कद काफी बढ़ा है. वहीं, माना जा रहा है कि रामेश्वर उरांव और डॉ अरुण उरांव की लड़ाई में सुखदेव भगत बाजी मार सकते हैं. अगर डॉ अरुण उरांव छत्तीसगढ़ का प्रभाव दिखाने में सफल होते हैं, तो उनकी दावेदारी भी बन सकती है. जहां तक रामेश्वर उरांव की बात है, तो पिछले लोकसभा चुनाव में वह काफी कम अंतर से चुनाव हारे थे. इसलिए उन्हें टिकट मिलने की अटकलें भी काफी तेज हैं.
- हजारीबाग लोकसभा सीट : हजारीबाग लोकसभा सीट के लिए कांग्रेस में इस बार योगेंद्र साव और मनोज यादव का नाम सबसे आगे चल रहा है. योगेंद्र साव बड़कागांव से विधायक होने के साथ ही राज्य के कृषि मंत्री भी रह चुके हैं. वहीं, बरही विधाननसभा क्षेत्र के वर्तमान विधायक मनोज यादव इस सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर देखे जा रहे हैं. उनकी तैयारी भी चल रही है. विधायक यादव कांग्रेस में जुझारू-कद्दावर नेता के रूप में जाने जाते हैं.
- पलामू लोकसभा सीट : इस सीट पर कामेश्वर बैठा और हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए राजीव कुमार का नाम लिया जा रहा है. कामेश्वर बैठा झारखंड प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति मोर्चा के चेयरमैन होने के साथ यहां से सांसद रह चुके हैं. दो मार्च को हुई परिवर्तन उलगुलान रैली में उन्होंने राहुल गांधी के मंच से अनुसूचित जाति की बात को प्रमुखता से उठाकर अपनी दावेदारी को बढ़त दी थी. सूबे के पूर्व डीजीपी राजीव कुमार की प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार से काफी नजदीकियां है. रैली के दौरान उन्होंने राहुल गांधी के समक्ष ही पार्टी की सदस्यता ली थी. इसके बाद से पलामू क्षेत्र में उनकी गतिविधि काफी बढ़ गयी है. कुछ दिनों पहले ही पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर पहुंच उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी.
- धनबाद लोकसभा सीट : इन सात सीटों में धनबाद ऐसी सीट है, जिस पर पार्टी वरिष्ठ नेताओं के अलावा कुछ युवा चेहरों पर भी भाग्य आजमा सकती है. वरिष्ठ नेताओं में इंटक के दो कद्दावर नेता ददई दुबे और राजेंद्र सिंह का नाम है. वहीं, युवा चेहरे में यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, पार्टी के मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर और सोशल मीडिया प्रभारी मयूर शेखर झा का नाम शामिल है. माना जा रहा है कि अगर जमशेदपुर सीट पार्टी जेएमएम को देती है, तो प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार भी यहां से चुनाव लड़ सकते हैं. इस सीट पर कुमार गौरव यूथ कांग्रेस के कोटे से दावेदारी कर रहे हैं. कोयलांचल क्षेत्र में उनके परिवार की काफी मजबूत पकड़ रही है. संगठन के नेताओं की बात करें, तो राजेश ठाकुर का नाम सबसे ऊपर है. मीडिया में मजबूत पकड़ होने के साथ ही परिवर्तन उलगुलान रैली में उन्होंने जिस तरह राहुल गांधी के मंच का संचालन किया, उससे उनका कद काफी बढ़ा है. मयूर शेखर झा का भी नाम जोरों से चर्चा में है. दिल्ली से ही वह ज्यादातर राजनीति करते हैं और उन्हें बड़े नेताओं का आशीर्वाद प्राप्त है. ऐसे में उन्हें टिकट मिल जाये, तो कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी. हालांकि, क्षेत्र में उनकी ज्यादा पकड़ नहीं है. टिकट मिलने पर कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा सकती है.
- चाईबासा लोकसभा सीट : चाईबासा सीट पर इस बार कांग्रेस के प्रबल उम्मीदवार में गीता कोड़ा का नाम प्रमुख है. जगन्नाथपुर से वर्तमान विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा की कोल्हन क्षेत्र पर काफी पकड़ है.
- खूंटी लोकसभा सीट : इस सीट के पहले जेएमएम के खाते में जाने की बात कही जा रही थी, लेकिन जमशेदपुर सीट जेएमएम के पाले में जाने पर कांग्रेस अब यहां से अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी. इस सीट पर पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू, थियोडोर किड़ो, रमा खलखो का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव-2019 की तारीखें घोषित, 11 अप्रैल से वोटिंग, सात चरणों में होगा चुनाव, 23 मई को रिजल्ट




