
Koderma: भगवान राम की भक्ति, जय श्रीराम के नारे और शौर्य का प्रदर्शन, कुछ ऐसा ही विहंगम दृश्य गुरुवार को कोडरमा जिले की सड़को पर दिखा. मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मोत्सव का महापर्व रामनवमी की शान से पूरा जिला जय श्री राम के जयकारे से गूंज उठा. रामनवमी के भजनों से एक एक गली और चौक चौराहे गूंज रहा था. डंके की आवाज राम भक्तो का जोश बढ़ा रहा था. तो दूसरी तरफ बड़े बड़े महावीरी ध्वज थामे भक्तों की भीड़ जय श्री राम के जयकारे के साथ शौर्य का प्रदर्शन कर रहे थे. हर ओर महावीरी ध्वज ही लहरा रहे थे. रामभक्तो का यह जोश और उत्साह सालों बाद सड़कों पर फिर देखने को मिला. पारंपरिक अस्त्र शस्त्र के प्रदर्शन के साथ लाठियो का अद्भुत खेल दिखाते युवा खिलाड़ियों के जुनून को हिंदू संगठन के कार्यकर्ता उत्साह बढ़ा रहे थे. सुबह से ही हे बजरंगबली, दुखियों का दुखड़ा दूर करो, संकट मोचन कहलाओ तुम, है मर्यादा पुरुषोत्तम बोलो तुमने मर्यादा क्यों तोड़ दी, श्रीराम जानकी बैठे.. जैसे भजन और डंके की आवाज ने राम भक्तो की नींद तोड़ा. दिन में लाठियो के साथ पारंपरिक अस्त्र शस्त्रों के साथ खिलाड़ी अपना शक्ति प्रदर्शन दिखाने सड़क पर निकले. हर एक राम भक्त भगवान राम की भक्ति में डूबा दिखा. कोडरमा, झुमरीतिलैया, सतगावां, मरकच्चो, चंदवारा, जयनगर और डोमचांच समेत अन्य जगहों पर शौर्य पराक्रम का प्रदर्शन भी हुआ. इस दौरान सुरक्षा को लेकर कोडरमा में एसडीओ संदीप कुमार मीणा, एसडीपीओ प्रवीण पुष्कर पेट्रोलिंग करते दिखे. थाना प्रभारी द्वारिका राम भारी संख्या में पुलिस बल के साथ तैनात थे। अलग अलग इलाके से करीब 30 से अधिक अखाड़ा समितियों के नेतृत्व में खिलाड़ियों की भीड़ लाठी और अस्त्र शस्त्र लिए कई चौक चौराहे में जुटे.
इसे भी पढ़ें: सीएम हेमंत सोरेन ने तपोवन मंदिर में की पूजा अर्चना, प्रदेशवासियों को रामनवमी की दी बधाई
झुमरीतिलैया में देर तक होता रहा प्रदर्शन
झुमरीतिलैया शहर और ग्रामीण इलाकों से दर्जनों की संख्या में अखाड़ा समितियों के खिलाड़ी झंडा चौक पहुंचे और अपने शौर्य पराक्रम का प्रदर्शन शुरू किया. रामभक्तो के जोश से पूरा चौक समेत शहर के कई इलाकों में जनसैलाब उमड़ पड़ा. चारो तरफ राम भजनों की धुन के साथ डंके की आवाज के बीच खिलाड़ी अपने खेल का प्रदर्शन कर रहे थे और जय श्री राम के साथ माता सीता और संकट मोचन हनुमान का जयकारा लगा रहे थे. यहां शाम प्रदर्शन शुरू हुआ जो देर तक चलता रहा.

विभिन्न अखाड़ा समितियों ने झांकियों के साथ निकाला जुलूस
कोडरमा में महारामनवमी पर सुंदर झांकियों को निकाला गया. इस दौरान अखाड़ा समितियों के लोगों ने परंपरा हत्यारों लाठियां के साथ शानदार खेल का भी प्रदर्शन किया. कोडरमा में इंदरवा परिसर से शुरू होकर जलवाबाद, नगरखारा आदि जगहों से लोग पहुंचे, जो देर रात तक आने-जाने का सिलसिला चलता रहा. वहीं डोमचांच में इस दौरान विभिन्न स्थानों से निकाले गए आकर्षक झांकी लोगों को बरबस कई युगों की यादें ताजा कर दी. जिसमें भगवान राम के विभिन्न अवतारों, राम सीता विवाह आदि कई मनमोहक झांकी आकर्षक रूप से सजाया गया था.

हर अखाड़ा दल का किया गया स्वागत
जिले के कोडरमा समेत अन्य जगहों पर विभिन्न स्थानों से आने वाले सभी अखाड़ा दलों के लिए जहाँ एक ओर जिला प्रशासन वहीं दूसरी ओर विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल आदि का मंच सुसज्जित था, वहीं अपने अखाड़ा से शहरों की ओर आने पर विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था की गई थी. अखाड़ा दलों का ध्वनि विस्तारक यंत्र से जोरदार स्वागत किया जा रहा था जिससे अखाड़ा दलों में शामिल लोगों का उत्साह काफी दुगना हो जा रहा था. कोडरमा के जलवाबद में निकाले गए जुलूस में उमेश राम, अनिल राम, विनोद राम, धीरज राम, अमित कुमार, संतोष कुमार, सुमित कुमार, मनीष कुमार, झुन्नी कुमार, मनोज कुमार, भोला कुमार, बबलू कुमार, बंटी कुमार, संजय पासवान, गुड्डू कुमार, ईशु कुमार, मंकू कुमार, मोनू कुमार, नीरज कुमार, सूरज कुमार, सुधांशु कुमार, अनिल सिंह, अवधेश कुमार, बबलू सिंह, संदीप साव, बंटी साव, दीपक कुमार, वीरेंद्र कुमार सिंह, सिद्धार्थ कुमार, प्रदीप राम, चंदन कुमार, रंजन कुमार, विक्की चंद्रा, अजय पांडे, गोपाल कुमार, मनोज कुमार झुन्नू, अमित कुमार आदि शामिल थे.
कलंदरिया एसोसिएशन ट्रस्ट ने जुलूस में शामिल लोगों के बीच बांटे पानी
कोडरमा थाना अंतर्गत नगरखारा जलवाबाद में रामनवमी के जुलूस शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में निकाला गया. इस दौरान डीजे के धुन पर रामभक्त जय श्री राम के नारे लगाते दिखे. वहीं जलवाबाद में सांप्रदायिक सौहार्द और एकता की मिसाल देखने को मिली. जहां कलंदरिया एसोसिएशन ट्रस्ट के द्वारा रामनवमी जुलूस में शामिल हुए लोगों को पानी की बोतल बांटी तो रामभक्तों ने भी मुस्लिम युवाओं से गले मिल उनका धन्यवाद किया. इस दौरान ट्रस्ट के एडवाइजर मोहम्मद फ़ैज़ वारसी ने कहा कि हमने विभिन्न समुदायों के लोगों के बीच स्नेह को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पानी की बोतलों को वितरित करने का निर्णय लिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के हाजी आफ़ताब आलम, सचिव मो सकीब, मो शाहबाज प्रिंस, ऐयाज़, बलिस्टर, मो रियाज़, प्रवेज़, मो इरशाद, दानिश हयात, गुलाम मुस्तफा, फैजान, अनस आदि की भूमिका अहम रही.
प्रशासन की रही चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

रामनवमी जुलूस के दौरान प्रशासन की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था दिखी. जलवाबाद में जुलूस के आगे एसडीओ ससंदीप कुमार मीणा, एएसपी प्रवीण पुष्कर और कोडरमा थाना प्रभारी द्वारिका राम पुलिस बल के साथ पैदल चलते नज़र आए.





