
Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित बोकारो क्लब में रविवार को बीएमएस से संबद्ध डीवीसी मजदूर संघ के केंद्रीय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अर्घा बसु ने किया. बैठक में बतौर मुख्य अतिथि संघ के महामंत्री तपन कुमार दास,स्थानीय यूनिट के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार चौधरी, चंद्रपुरा के उपाध्यक्ष अनिमेष गिरी मौजूद थे.बैठक में बोकारो थर्मल के अलावा चंद्रपुरा, मेजिया, कोनार डैम, डीएसटीपीएस अंडाल, जीओएमडी, कोडरमा, मैथन सहित अन्य यूनिटों के केंद्रीय समिति के सदस्य मौजूद थे. बैठक में डीवीसी मुख्यालय कोलकाता के निर्देश पर सभी प्रोजेक्टों में डीवीसी कामगारों के आवासों में स्मार्ट मीटर लगाने, सभी क्षेत्रीय संरचनाओं में एक समान एफसीए, बी 5 से एम वन मे प्रमोशन और फास्ट ट्रैक मे एम वन में प्रमोशन करने, नई पदोन्नति नीति से संबंधित मामलों पर विशेष रुप से चर्चा की गई. बैठक में निर्णय लिया गया कि विभिन्न संवर्गों के मुद्दों को बेहतर प्रतिनिधित्व के लिए प्रबंधन के साथ संवर्गवार बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में विशेष संवर्ग के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि डीवीसी मजदूर संघ आगामी यूनियन का चुनाव किसी अन्य ट्रेड यूनियन के साथ जुड़े बिना ही अकेले लड़ेगा.साथ ही संघ की विचारधारा से किसी भी तरह का समझौता किए बिना डीवीसी मजदूर संघ का समर्थन करने की इच्छा रखने वाले अन्य ट्रेड यूनियनों का उनके साथ शामिल होने के मामले में स्वागत करेगा.बैठक में धन्यवाद ज्ञापन मिथिलेश कुमार चौधरी के द्वारा किया गया. बैठक में राजदेव सिंह,जितेंद्र कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, सतेन्द्र नारायण सिंह, अमर लाल बाला, पुष्पजीत साईं, प्रशांतो कुमार मंडल सहित विभिन्न यूनिटों से कई अन्य सदस्य भी उपस्थित थे.




