
Dumka : दुमका में एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद कई लोगों के बीमार हो जाने की खबर है, यहां एक गांव में शादी का भोज खाने के बाद 60 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गये. प्रभावित लोगों में कई परिवारों के लोग शामिल हैं. सभी को हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार दिया गया है, जिसके बाद सभी की स्थिति खतरे से बाहर बतायी गयी हैं.
दुमका के एसपी वाई एस रमेश ने इस संबंध में जानकारी दी कि दुमका के चंदन पहाड़ी गांव में हुई इस घटना के बाद सरकारी अस्पताल में अफरातफरी का माहौल रहा. बीमारों में कई बच्चे भी शामिल थे. डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ओआरएस और जरुरी दवाएं दी, जिसके बाद सभी की स्थिति खतरे से बाहर है,
बीमार लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया
एसपी ने बताया, भोज के दौरान खाने में छिपकली गिर गयी थी, जिसके कारण लोगों की तबीयत खराब हो गयी. घटना की जानकारी मिलने के बाद बीमार लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के बाद स्थिति नियंत्रण में है. दुमका सदर अस्पताल के डेप्युटी सुपरिटेंडेंट डॉ.विनोद कुमार सिन्हा ने कहा कि छिपकली में इतना जहर नहीं होता है कि कोई बहुत बड़ी घटना हो.
यह एक मनोवैज्ञानिक समस्या की तरह है, क्योंकि लोगों को लगता है कि उन्होंने छिपकली वाला भोजन कर लिया और मनोवैज्ञानिक प्रभाव (साइकोलॉजिकल इफेक्ट) के कारण उन्हें उल्टी होने लगती है.
उन्होंने बताया, लोगों की संतुष्टि के लिए उनकी जांच की गयी है और उन्हें ओआरएस दिया गया है. सभी की स्थिति खतरे से बाहर है. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में लोगों को बहुत ज्यादा घबराना नहीं चाहिए, बल्कि संयम से काम लेना चाहिए. स्थिति में सुधार होने के बाद सभी मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया जायेगा.
इसे भी पढ़ेंःपलामू : यहां सड़कों पर दौड़ती है मौत, पांच माह में 104 सड़क दुर्घटनाएं, 74 की मौत, 92 जख्मी




