
Gomia: बेरमो अनुमंडल के सुदूर वर्ती क्षेत्र ललपनिया एवं डुमरी बिहार स्टेशन को जोड़ने वाली ढेंढे घाट पुल भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया. 3 अगस्त की अहले सुबह नदी के तेज बहाव में पुल बीचो-बीच एक पिलर के साथ बह गई. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह पुल 2014 में बनकर तैयार हुई थी. पुल के बह जाने से करीब दस गांव की आबादी प्रभावित हो गई. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि काम में भारी अनियमितता के कारण ही यह पुल बह गई. जिस वक्त यह घटना घटी उस वक्त पुल पर तीन लोग बैठे हुए थे अचानक उन्हें आभास हुआ कि पुल गिर रही है.

तीन में से दो किसी तरह भागने में सफल रहे. लेकिन एक व्यक्ति भौरी लाल प्रजापति 55 वर्षीय जो की खेती कार्य से पुल पार कर रहा था. उस वक्त पुल के साथ वह भी बह गया. जिसका अभी तक कोई अता-पता नहीं चल सका. स्थानीय ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर गोमिया ललपनिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है. जिससे आवागमन बाधित हो चुकी है. घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के वरीय नेता देवनारायण प्रजापति पहुंचे, उन्होंने बताया कि अगर सही काम हुआ रहता तो यह पुल नहीं बहता. उन्होंने अपने स्तर से कई अधिकारियों से बात करने की कोशिश की किंतु किसी ने फोन नहीं उठाया और ना ही पीड़ित परिजन से अभी तक कोई मिलने के लिए आये.




