
Ramgarh: ड्रग्स कारोबारी सुजीत राम को पुलिस ने सौंदा पोड़ा से ब्राउन शुगर, चरस और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है. मिली जानकारी के अनुसार पतरातू एसडीपीओ डाॅ. बिरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में सोमवार को भुरकुंडा पुलिस ने सेंट्रल सौंदा टिपला में छापामारी अभियान चलाया. इस दौरान सौंदा टिपला से सुजीत राम को भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और नकदी के साथ धर-दबोचा गया. बताया जाता है कि पुलिस ने सुजीत राम के घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर भी जांच के लिए जब्त किया है ताकि पता चले कि इस ड्रग्स कारोबार में और कौन लोग शामिल थे. सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने ब्राउन शुगर का 30 मिली ग्राम का 100 पुड़िया और 30 ग्राम का एक सफेद पुडिया के साथ चरस भी बरामद किया है. साथ ही पुड़िया के रूप में बनाकर रखे गये नगदी भी आरोपी के घर से बरामद हुआ है. पुलिस अब सुजीत राम से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. एसडीपीओ डाॅ. बिरेंद्र चैधरी ने कहा है कि नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती बरकरार रहेगी. इससे जुड़े कारोबार करने वाले सभी लोग जेल के सलाखों के पीछे होंगे.उन्होंने कहा कि क्षेत्र को नशामुक्त व अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस कटिबद्ध है.
इसे भी पढ़ें: लातेहार: व्यवहार न्यायालय में टाना भगतों ने किया बवाल, थाना प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मी घायल
स्थानीय लोगों में चर्चा है कि इन दिनों कोयलांचल भुरकुंडा सहित आसपास के क्षेत्रों में नशे के सामानों का कारोबार जोर-शोर से चल रहा है. इस कारोबार में अधिकांश युवक शामिल हैं. पहले युवकों में नशीली पदार्थों को फ्री या कम पैसे में देकर लत लगाया जाता है. इसके बाद नशे के सौदागर द्वारा मुहमांगा दाम वसूला जाता है. इतना ही नहीं इस दलदल में फंसने के बाद युवक पैसे और नशीली पदार्थों के चाह में इस कारोबार से पूरी तरह जुड़ जाते हैं. साथ ही नशे के सामान को लेने के लिए चोरी समेत दूसरे आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो चुके हैं. जिसके कारण युवकों का भविष्य अंधकारमय तो हो ही रहा है, साथ ही अपराधिक घटनाओं में भी काफी वृद्धि देखने को मिल रही है. छापेमारी अभियान में पतरातू एसडीपीओ डाॅ. बिरेंद्र चैधरी, भुरकुंडा ओपी प्रभारी बलवंत दुबे, एसआई राजदीप कुमार, अक्षय कुमार सहित सशस्त्र बल के साथ शामिल थे.




